संभल: ट्रैक्टर से टूटकर ट्रॉली टेंपो से टकराई, एक की मौत, पांच लोग घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहजोई रोड पर हिच टूटने से ट्रैक्टर से अलग हुई ट्रॉली, ड्यूटी पर जा रहा था सीएमओ कार्यालय का क्लर्क गोपाल

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में बहजोई रोड सिम्स कॉलेज के पास सोमवार दोपहर हिच टूटने से ट्रॉली ट्रैक्टर से अलग होकर सामने से आ रहे टेंपो से जा टकराई। हादसे में सीएमओ कार्यालय के क्लर्क की मौत हो गई। जबकि मासूम समेत पांच लोग घायल हुए हैं। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ कर फरार हो गया। 
 
हादसा सोमवार दोपहर 12 बजे उस समय हुआ, जब चन्दौसी से एक टेंपो सवारी लेकर बहजोई जा रहा था। टेंपो में चालक समेत करीब नौ सवारियां थीं। टेंपो कोतवाली चन्दौसी क्षेत्र में बहजोई रोड स्थित सिम्स कॉलेज के निकट पहुंचा ही था। तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली हिच टूट गया। जिससे ट्रॉली ट्रैक्टर से अलग होकर चन्दौसी की ओर से आ रहे टेंपो से टकरा गई। 

इससे टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया। टेंपो सवार चालक गिरीश निवासी गांव अल्लीपुर बुजुर्ग उर्फ बड़ा गांव थाना बनियाठेर, होमगार्ड पीआरडी नफीस अहमद व शायरा पत्नी इंतजार व उसकी छह वर्षीय बेटी इल्मा निवासी गांव मैथरा धरमपुर थाना बहजोई, गोपाल मोहल्ला राज और एक बुजुर्ग घायल हो गए। बेहोशी की हालत में होने पर बुजुर्ग की पहचान नहीं हो सकी। हादसा देख आसपास मौजूद लोग व राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी  दी।

 सूचना पाकर कोतवाली से अपराध इंस्पेक्टर सीवी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को निजी वाहनों व एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल में पहुंचवाया। सीओ दीपक तिवारी और प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह पंवार भी अस्पताल पहुंचे। वहीं चिकित्साधिकारी ने घायलों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। उपचार के दौरान ही गोपाल चौधरी (35) की मौत हो गई।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : पूर्व कांग्रेसी ने जड़े राष्ट्रीय सचिव पर गंभीर आरोप, कई नेताओं ने पार्टी छोड़ी

संबंधित समाचार