अवध विश्वविद्यालय: दो दिन में ही छोड़ी साढ़े 5 हजार ने परीक्षा, धरे गए 17 नकलची
अयोध्या, अमृत विचार। डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की ओर से जारी वार्षिक परीक्षा में दो दिन की परीक्षा के दौरान 5460 परीक्षार्थी परीक्षा छोड़ चुके हैं। इस बार कुल 2 लाख 55 हजार 547 परीक्षार्थी वार्षिक परीक्षा में भाग ले रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हो रही परीक्षा में कुछ 17 नकलची भी पकड़े जा चुके हैं।
15 अप्रैल से शुरू हुई स्नातक व परास्नातक की वार्षिक परीक्षा के लिए कुल सात जनपद में 464 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जहां 2 लाख 55 हजार 547 परीक्षार्थी इस बार परीक्षा दे रहे हैं। इसके अलावा सचल दस्तों का गठन और विश्विद्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इतना ही नहीं पहली बार नकल विहीन परीक्षा के लिए सम्बद्ध महाविद्यालयों के केंद्रों को क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालय लखनऊ से जोड़ा गया है।
वार्षिक परीक्षा के पहले दिन ही 15 अप्रैल को 2999 परीक्षार्थी परीक्षा छोड़ दी। पहले दिन सचल दलों ने पांच जनपदों के 36 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जिसमें एक नकलची पकड़ा गया। जबकि दूसरे दिन 17 अप्रैल की परीक्षा में नकलचियों की संख्या सीधे 16 पहुंच गई।
सोमवार को सचल दलों द्वारा छह जनपदों के 36 केन्द्रों का निरीक्षण किया गया जिसमें इतने नकलची पकड़े जाने, जबकि 2761 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहले दिन की परीक्षा में 61 हजार 997 तो दूसरे दिन की परीक्षा में 62 हजार 190 परीक्षार्थी बैठे। परीक्षा 12 जून तक चलनी है।
गत वर्ष सामूहिक नकल के मामलें में भी नहीं हुई कोई कार्रवाई
अवध विश्वविद्यालय प्रशासन के दावों से इतर एक मामला आज तक अटका पड़ा है। गत वर्ष एलएलबी की परीक्षा के दौरान अम्बेडकरनगर जिले के एक केन्द्र पर सामूहिक नकल पकड़ी गई थी।
यह सामूहिक नकल वहां के तत्कालीन जिलाधिकारी ने पकड़ी थी और विश्विद्यालय प्रशासन को पूरी रिपोर्ट भेजी थी। जिस पर आज तक न केन्द्र न ही वहां के जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई हुई। कभी बताया गया कि परीक्षा समिति फैसला करेगी कभी शासन लेकिन हुआ कुछ भी नहीं।
परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा पूरी सख्ती बरती जा रही है। जहां तक परीक्षा छोड़ने का प्रश्न है वह परीक्षार्थी का निजी कारण हो सकता है। वार्षिक परीक्षा पूरी गंभीरता व सतर्कता से कराई जा रही है ...विजयेन्दु चतुर्वेदी, मीडिया प्रभारी, अवध विश्विद्यालय।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को पांच हजार रुपए रिश्वत लेते किया गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
