अयोध्या: मुकदमे की धमकी पर भड़के कांग्रेसी, कहा- भेजो जेल
अयोध्या, अमृत विचार। किसानों की समस्याओं को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यालय कमला नेहरू भवन से प्रदर्शन को निकले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को एसडीएम सदर ने मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी तो कार्यकर्ता भड़क गए और सड़क पर ही बैठ प्रदर्शन करने …
अयोध्या, अमृत विचार। किसानों की समस्याओं को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यालय कमला नेहरू भवन से प्रदर्शन को निकले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को एसडीएम सदर ने मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी तो कार्यकर्ता भड़क गए और सड़क पर ही बैठ प्रदर्शन करने लगे। हालांकि बाद में एसडीएम ने मान मनौव्वल की ओर कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा प्रदर्शन खत्म कर दिया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता रिकाबगंज स्थित कमला नेहरू भवन पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए। कार्यकर्ता “किसानों को खाद उपलब्ध कराओ” ” खाद की कालाबाजारी बंद करो” आदि नारे लगाते आगे बढ़े तो मौके पर भारी पुलिस बल के साथ मौजूद नगर कोतवाल ने सभी को रोक लिया। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस से धक्का-मुक्की करते हुए आगे बढ़े और रोड पर बैठ धरना देने लगे।
मौके पर पहुंची एसडीएम सदर को कार्यकर्ता ज्ञापन देने ही वाले थे कि कार्यकर्ताओं का व्यवहार ठीक नहीं लगा तो उन्होंने मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। इस पर कांग्रेसी कार्यकर्ता भड़क गए और फिर धरने पर बैठ नारेबाजी करने लगे। कहा कि अब मुकदमा लिखिए और हम सब को जेल भेजिए। तभी यह धरना समाप्त होगा। एसडीएम सदर ने मां मनौव्वल कर मामले को रफा दफा किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन लिया। ज्ञापन में राज्यपाल से किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराने तथा यूरिया खाद की कालाबाजारी रोकने की मांग प्रमुख रूप से की गई है।

इसके पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा भारतीय जनता पार्टी की सरकार एक तरफ तो किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है दूसरी तरफ उन्हें उनकी उपज का न सही मूल्य दे पा रही है और अब उचित मूल्य पर खाद भी नहीं उपलब्ध करा पा रही है। पहले से ही त्रस्त किसान मजबूरन कालाबाजारी से खाद खरीदने को मजबूर हैं। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और तानाशाही पर उतारू है।
महानगर अध्यक्ष अकबर अली मेजर ने कहा कि किसान, युवा अथवा महिलाएं सभी समस्याओं से ग्रस्त हैं और हर मोर्चे पर यह सरकार पूरी तरह फेल। पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा ने बाजार से यूरिया खाद गायब होने को सत्ता संरक्षण प्राप्त भाजपा पोषित व्यापारियों की करतूत बताया।
प्रवक्ता मोहम्मद शरीफ ने बताया कि प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह, सेवादल जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण गुप्ता, रामकरन कोरी,अनुसूचित प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राम सागर रावत, पूर्व प्रधान छविराज यादव, महिला जिलाध्यक्ष मधु पाठक, महानगर उपाध्यक्ष उमेश उपाध्याय, जिला कोषाध्यक्ष अब्दुल हकीम, ब्लॉक अध्यक्ष प्रभात यादव,राकेश यादव, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष मंशा राम यादव समेत अन्य शामिल रहे।
