Kanpur Dehat में लापरवाही पड़ी भारी, चार महिलाओं समेत छह मिले कोरोना संक्रमित, अभी भी बिना मास्क के घूम रहे लोग
कानपुर देहात में छह कोरोना संक्रमित मिले।
कानपुर देहात के अकबरपुर, झींझक व संदलपुर में चार महिलाओं समेत छह कोरोना संक्रमित मिले। सभी को होम आइसोलेशन में उपचार दिया जा रहा है।
कानपुर देहात, अमृत विचार। जनपद में कई महीने बाद फिर कोरोना संक्रमण ने दस्तक दे दी है। अकबरपुर, झींझक संदलपुर में चार महिलाओं समेत कुल छह लोग संक्रमित मिले हैं। सभी को होम आइसोलेशन में उपचार दिया जा रहा है।
जिले में कोरोना संक्रमण पूरी तरह थम गया था। हालाकि मौसम बदलने के साथ इन दिनों जुकाम, बुखार व खांसी के मरीज बढ़ रहे हैं। इससे अस्पतालों में भी मरीजों की भीड़ है। शासन से निर्देश मिलने के साथ मरीजों की कोविड जांच भी शुरू कर दी गई। जिसके क्रम में बीती 15 अप्रैल को हवासपुर सीएचसी से संदिग्धों के सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए थे।
सोमवार देर शाम आई रिपोर्ट में संदलपुर विकासखंड क्षेत्र के नैपलापुर व दनियापुर गांव की एक-एक महिला व हरपुरा गांव निवासी पुरुष का सैंपल कोविड जांच में पाॅजिटिव पाया गया। इसी तरह 16 अप्रैल को भेजे गए सैंपलों की आई रिपोर्ट में झींझक क्षेत्र निवासी दो महिलाएं व अकबरपुर नगर पंचायत निवासी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है।
जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने कोरोना संक्रमितों को घर के अलग कमरे में आइसोलेट कर दिया। जबकि उनके परिजनों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं आसपास के लोगों को संक्रमितों से निर्धारित अवधि तक दूरी बनाने समेत कोरोना से बचाव की जानकारी दी गई है।
जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा मंडराया
जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन न तो स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता दिखाई दे रही है और न ही लोग सतर्कता बरत रहे हैं। फिलहाल जिले में कोरोना के तीन सक्रिय केस हैं। जिस तरह से मामले सामने आ रहे हैं, उससे कोरोना संक्रमण का खतरा मंडराता दिखाई दे रहा है। स्वास्थ्य विभाग नमूने लेकर जांच कराने की कार्रवाई तक ही सीमित बना है। लोग न तो मास्क लगा रहे हैं और न ही सोशल डिस्टेंस का पालन किया जा रहा है। बाजारों से लेकर अस्पतालों तक लोगों की भीड़ रहती है। चिकित्सक भी मास्क नहीं लगा रहे हैं। कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच इस तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। इसलिए लोगों को अभी से सतर्कता बरतने की जरूरत है।
जिले में मिले छह कोरोना संक्रमितों को होम आइसोलेट कर नजर रखी जा रही है। लोगों से अपील है कि संक्रमण से बचने के लिए पहले की तरह लोग फिर कोविड नियमों का पालन करें।- डाॅ. एके सिंह मुख्य चिकित्सा अधिकारी
