बरेली: गर्मी में भी ठंडे पानी के इंतजाम ठंडे, यात्रियों को खरीदनी पड़ रही पानी की बोतल
बरेली, अमृत विचार। तापमान के साथ गर्मी भी बढ़ रही है, मगर बरेली जंक्शन पर ठंडे पानी के इंतजामों को दुरुस्त नहीं किया गया है। ठंडे पानी की मशीन बंद पड़ी हैं। ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के पास ठंडे पानी के नाम पर रेल नीर खरीदने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। प्लेटफार्म नंबर एक पर ठंडे पानी की जो मशीन लगाई गई थी, वह काफी समय से बंद है।
जंक्शन आरपीएफ थाने के सामने लगी ठंडे पानी की टंकी बंद होने की वजह से यात्रियों को परेशान हो रही है। इसका संचालन इलेक्ट्रिक विभाग के कंधों पर है। ठंडे पानी की मशीन को सर्दियां शुरू होने के वक्त बंद कर दिया गया था, लेकिन दोबारा चालू नहीं किया गया। गर्मी में सादे पानी की टंकियां गर्म पानी उगल रही हैं।दिक्कत तब और ज्यादा हो जाती है, जब जंक्शन पर रेल नीर की कमी होती है। स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि ठंडे पानी की मशीन का संचालन इलेक्ट्रिक विभाग की तरफ से कराया जाता है, अगर मशीन बंद हो तो वह संबंधित विभाग को उसे चालू करने को कहेंगे।
शरारती वेंडर भी बंद कर देते हैं मशीन
सूत्रों के अनुसार कई बार पानी की बिक्री के लिए गर्मियों में ट्रेनों के समय वेंडर ठंडे पानी की मशीन को बंद कर देते हैं। मजबूरी में यात्री ठंडा पानी खरीदकर पीते हैं। अधिकारियों से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया। केवल यात्री ही नहीं जंक्शन पर काम करने वाला स्टाफ भी इस ठंडे पानी की टंकी के सहारे रहता है। फिर भी लंबे समय से ये मशीनें बंद पड़ी हैं।
ये भी पढे़ं- बरेली: जिला अस्पताल में प्राइवेट एंबुलेंस का खेल जारी, मोर्चरी से शवों को ले जाने के लिए वसूले जा रहे पैसे
