बदायूं में कोरोना की दस्तक, एंटीजन जांच में डीएम निकले कोराना पॉजिटिव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। जिले में कोरोना ने फिर दस्तक दे दी है। एंटीजन जांच में डीएम मनोज कुमार कोरोना पॉजिटिव पाए गये हैं। दो दिन पहले कोरोना के दो संक्रमित सामने आए थे, लेकिन वे लोग जनपद में रहते नहीं हैं। उनकी जांच लखनऊ, नोएडा और अलीगढ़ में हुई, जो पिछले कई महीने से वहीं रह रहे हैं। डीएम के पॉजिटिव आने के बाद स्टाफ के सभी लोगों की जांच के आदेश दिए गये हैं।

मंगलवार को कोविड कमांड सेंटर से कोरोना का बुलेटिन जारी किया गया। उसमें दो कोरोना पॉजिटिव दिखाए गए। इनमें एक नोएडा और दूसरा अलीगढ़ में पॉजिटिव निकला। मंगलवार को दिन भर में 1,471 लोगों की जांच की गई। इनमें 699 एंटीजन किट और 772 आटीपीसीआर से जांच की गई।

सोमवार को डीएम मनोज कुमार निकाय चुनाव में नामांकन प्रक्रिया को देखने सहसवान गये थे। वहां से लौटने पर उन्होंने कलक्ट्रेट में स्वास्थ्य अफसरों की बैठक ली। बैठक खत्म करने के बाद शाम को घर पहुंचे तो गला खराब और जुकाम महसूस हुआ। मंगलवार को डीएम ने एंटीजन किट से जांच कराई तो उसमें वे पॉजिटिव निकले। इसके बाद राजकीय मेडिकल कालेज में आरटीपीसीआर से जांच कराई गई।

डीएम के कोरोना पॉजिटिव होने की चर्चा कर्मचारियों के बीच रही, लेकिन सार्वजनिक तौर पर कोई नहीं बोल सका। हालांकि इसकी पुष्टी स्वास्थ्य विभाग की ओर से कर दी गई है। बुधवार को डीएम के परिवार के सदस्यों के अलावा अर्दली, ड्राइवर, स्टेनो, कर्मचारी, माली व सुरक्षा कर्मियों की भी कोरोना जांच की जायेगी। उनकी पहले एंटीजन से जांच होगी फिर आरटीपीसीआर कराई जायेगी। 

प्रभारी सीएमओ डॉ. विनेश कुमार ने बताया कि डीएम का सोमवर रात से स्वास्थ्य खराब हो गया था। एंटीजन से जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मगर एंटीजन को शत प्रतिशत नहीं माना जा सकता। आरटीपीसीआर को सैंपल गया है रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट कुछ कहा जा सकता है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: कुल की महफिल में अकीदतमंदों का उमड़ा सैलाब, झोली फैलाकर मांगी परिवार और मुल्क की हिफाजत की दुआएं

संबंधित समाचार