बरेली: गर्म हुआ कूलर-पंखे का बाजार, 30 फीसदी बढ़ी बिक्री

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। गर्मी का असर इलेक्ट्रिक मार्केट पर भी पड़ रहा है। बाजार में कूलर और पंखों की मांग 30 फीसदी बढ़ गई है। पुराने रोडवेज स्थित बाजार में सुबह से शाम तक ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानदारों के अनुसार पांच दिन पहले दिन भर में बमुश्किल 8 से 10 छत के पंखों की बिक्री हो पाती थी, लेकिन गर्मी बढ़ने की वजह से एक दिन बिक्री बढ़कर 40 से 50 पंखों की हो गई है। कुछ दुकानों पर तो इससे भी ज्यादा पंखे एक दिन में बिक रहे हैं। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने से बिक्री और बढ़ेगी। बिक्री बढ़ने की उम्मीद दुकानदार लगाए बैठे हैं। पिछले साल की अपेक्षा इस बार अधिक बिक्री की उम्मीद है।

बिना मोटर और रिमोट वाले पंखे की मांग अधिक
बाजार में पहले सामान्य पंखे मिलते थे, लेकिन ग्राहकों की पसंद और डिमांड को देखते हुए कंपनियों ने नए-नए तरीके के पंखें बाजार में उतार दिए हैं। इन दिनों बिना मोटर वाले और रिमोट वाले पंखे की मांग खूब है। हालांकि इनकी कीमत सामान्य पंखे की अपेक्षा दाे से ढाई गुना अधिक है। एक सामान्य पंखा 1200 से 1500 रुपये के बीच में मिल जाता है, लेकिन बिना मोटर वाले पंखे की कीमत 3000 रुपये है। जबकि इसी कंपनी में रिमोट वाले पंखे की कीमत 3500 रुपये है। बिना मोटर वाले पंखे में बिजली की खपत कम होती है।

किचन, बच्चों के लिए अलग से पंखे
बाजार में किचन में लगाने वाला पंखा भी आया है। अच्छी कंपनी के पंखे की कीमत 1500 रुपये है। इसी तरह से बच्चों के पंखे मोटू, पतलू के कार्टून से प्रिंट हैं, इससे ये बच्चों को भा रहे हैं। पिछले साल की अपेक्षा इस बार पंखों के दाम में वृद्धि हुई है। दुकानदारों की मानें तो कॉपर महंगा हो गया है। पहले साल कॉपर 860 रुपये किलो था जो अब 1000 के ऊपर हो गया है।

गर्मी बढ़ने से पिछले चार-पांच दिनों की अपेक्षा 30 से 40 फीसदी बिक्री बढ़ी है। इस बार पिछले साल की अपेक्षा पंखों की अधिक बिक्री का अनुमान है।-अरुण भसीन, दुकानदार

अभी सीलिंग फैन की बिक्री हो रही है। बिक्री बढ़ी है। गर्मी ऐसे ही रही तो एक सप्ताह बिक्री में काफी उछाल आएगा।-अमित, दुकानदार

मंगलवार की शाम से बुधवार की दोपहर तक 200 पंखें बिक चुके हैं। 4-दिन से बिक्री बढ़ी है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पंखों की बिक्री और होगी। अभी सीलिंग फैन की बिक्री अधिक हो रही है। फर्राटा वाले पंखों की बिक्री मई, जून में अधिक होती है। कूलर भी जून, जुलाई में अधिक होते हैं।-सुशील यादव, दुकानदार

ये भी पढे़ं- बरेली: फरीदपुर टोल प्लाजा पर मासिक पास और जीवन रक्षक व्यावसायिक वाहनों पर मिलेगी छूट

 

 

 

संबंधित समाचार