कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर निकाय चुनाव लड़ेगी भाजपा : योगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मजबूत कानून व्यवस्था और अभूतपूर्व विकास के मुद्दे पर निकाय चुनाव लड़ेगी।
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर मंडल के चारो जिलों को मिलाकर एक नगर निगम,सात नगर पालिका और 44 नगर पंचायतों के चुनाव में भाजपा की जीत के लिये एक के बाद एक पांच बैठकें कीं। उन्होने अब तक हुई चुनावी तैयारियों का हाल जाना और जीत के लिए जरूरी टिप्स दिए। उन्होंने साफ किया कि पार्टी के पास कानून व्यवस्था और विकास का बेहद मजबूत आधार है। भाजपा इसी मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी, इसलिए सिर्फ हर निकाय प्रमुख पद पर ही जीत दर्ज करने पर ही केंद्रित नहीं होना है बल्कि सभी निकायों में भाजपा के स्पष्ट बहुमत का बोर्ड बनवाने पर भी गंभीरता से ध्यान देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनाव के लिए भी भाजपा संकल्प पत्र जारी करेगी। उन्होंने सभी भाजपा प्रत्याशियों को विजय हासिल करने की शुभकामनाएं भी दीं। अपरान्ह एक बजे से शुरू बैठकों की श्रृंखला में एक-एक घण्टे कुशीनगर, महराजगंज, देवरिया और गोरखपुर जिलों के नगर निकायों में अब तक हुई चुनावी तैयारियों की जिलेवार चुनाव संचालन समिति के लोगों विस्तार से जानकारी ली। इन बैठकों के बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर क्लब में पांचवीं बैठक करने पहुंचे। यह बैठक गोरखपुर नगर निगम चुनाव पर केंद्रित रही।

बैठकों में प्रत्याशियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के बाद योगी ने कहा “इस बार के नगर निकाय चुनाव में आपके साथ भाजपा की डबल इंजन सरकार की ताकत है। इस चुनाव में एक और इंजन जोड़कर हर निकाय क्षेत्र में ट्रिपल इंजन सरकार का गठन करना है। जनता के बीच यह संदेश स्पष्ट होना चाहिए कि ट्रिपल इंजन सरकार विकास और जनकल्याण को बुलेट ट्रेन की रफ्तार देने की गारंटी होगी।”

उन्होंने कहा कि सभी निकायों में अभूतपूर्व विकास कार्यों व जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों की वृहद सूची है। जन संवाद स्थापित कर सरकार की उपलब्धियों को परिणाम में परिलक्षित करने की जिम्मेदारी से हर एक कार्यकर्ता को जुड़ना होगा।

यह भी पढ़ें : वाराणसी : जी-20 के मेहमानों ने देखी पूर्वांचल के हस्तशिल्पियों की कला

संबंधित समाचार