बरेली: ऑक्सीजन प्लांट नहीं, उपकरण हुए गायब
बरेली, अमृत विचार। 300 बेड अस्पताल को कोविड अस्पताल बनाने की तैयारियों के बीच गुरुवार को आईसीयू वार्ड में ऑक्सीजन के प्लांट से संबंधित उपकरण चोरी होने का ढिंढौरा पिटा तो स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उपकरण चोरी होना सिरे से खारिज कर दिया जबकि …
बरेली, अमृत विचार। 300 बेड अस्पताल को कोविड अस्पताल बनाने की तैयारियों के बीच गुरुवार को आईसीयू वार्ड में ऑक्सीजन के प्लांट से संबंधित उपकरण चोरी होने का ढिंढौरा पिटा तो स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उपकरण चोरी होना सिरे से खारिज कर दिया जबकि कर्मचारियों में उपकरण गायब होने की चर्चा हो रही है।
दरअसल अस्पताल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम के बिना ही स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सेंट्रल आक्सीजन सिस्टम लगा दिया गया था और अब लाखों के उपकरण, पाइप गायब हो गए हैं। राजकीय निर्माण निगम की मानें तो जिस भवन में 2016-17 में सेंट्रल आक्सीजन सिस्टम लगाया गया था, उसमें दरवाजे ही 2019 में लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक का 2016-17 में निर्माणाधीन 300 बेड अस्पताल में सेंट्रल आक्सीन सिस्टम लगाया गया था।
यह कार्य लखनऊ की सरस्वती इंटरनेशनल कंपनी ने किया था। अस्पताल में पाइप लाइन लगाने के साथ ही कई उपकरण लगाए गए थे। अब अस्पताल को कोविड-19 एल-2 बनाया जा रहा है जिसके लिए वेंटिलेटर मशीनें लग गई हैं। 20 बेड का आईसीयू भी तैयार हो गया है। अब आक्सीजन सप्लाई चालू होनी थी। लेकिन गुरुवार को कंपनी के इंजीनियर जब आक्सीजन प्लांट चालू करने पहुंचे तो पता चला कि प्लांट के उपकरण ही गायब हो गए हैं।
वहां से करीब 17.5 लाख के उपकरण चोरी होने की बात सामने आई है। गौर करने वाली बात तो यह है कि स्वास्थ्य विभाग 2016-17 में यहां उपकरण लगाने का दावा कर रहा है जबकि राजकीय निर्माण निगम का कहना है कि इस भवन में 2019 में दरवाजे लगाए गए हैं, उस समय पूरे भवन में कही दरवाजे तक नहीं लगे थे।
गोदाम में भी रखे हो सकते हैं उपकरण
सरस्वती इंटरनेशनल फर्म के अधिकारियों का कहना है कि उनकी जिम्मेदारी सेंट्रल आक्सीजन सिस्टम लगाने की थी, उसकी सुरक्षा के इंतजाम की नहीं। स्वास्थ्य विभाग ने आक्सीजन सिस्टम लगवाया था, वही इसके बारे में बेहतर बता सकते हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अब तक कुछ साफ बता नहीं पा रहे।
उनका कहना है कि उपकरण स्टोर में कहीं रखे हों सकते हैं उनको खोजा जाएगा। अस्पताल से गायब हुए उपकरणों में मानीफोल्ड एक्सेसिरिज, ह्यूमिडिफायर बाटल, 600एम जार, वैक्यूम पंप, कापर पाइप, बेड हेड पैनल, ट्यूब, अलार्म, साकेट और आक्सीजन रेग्यूलेटर शामिल है।
मुझे किसी कर्मचारी से चोरी की शिकायत नहीं मिली है। अगर मिलेगी तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों ने बताया कि सामान को अस्पताल में ही ढूंढा जा रहा है। – डा. वीके शुक्ल, सीएमओ
जिस भवन में सेंट्रल आक्सीजन सिस्टम लगाने की बात कही गई है, उसमें दरवाजे 2019 में लगाए गए थे। 2016-17 में तो भवन का ढांचा ही तैयार हो पाया था। उसमें क्या उपकरण चोरी हुए है यह स्वास्थ्य विभाग ही स्पष्ट कर पाएगा। – अजय कुमार शाही, सहायक अभियंता राजकीय निर्माण निगम
