‘किसी का भाई किसी की जान’ पहले दिन कर सकती है 15 से 20 करोड़ रुपये की कमाई : विशेषज्ञ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। फिल्म व्यापार विशेषज्ञों की मानें तो ईद पर रिलीज होने वाली सलमान खान की नई फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ हिट साबित होगी और पहले दिन यह 15 से 20 करोड़ रुपये की कमाई कर सकती है। फरहाद सामजी के निर्देशन में बनी यह फिल्म शुक्रवार को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। सलमान चार साल बाद फिल्म में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म व्यापार विशेषज्ञ तरन आदर्श के अनुसार, फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ दुनियाभर में 5700 से अधिक स्क्रीन पर रिलीज की जा रही है।

 यह देश में 4500 और विदेश में 1200 स्क्रीन पर रिलीज होगी। ‘पीवीआर आईएनओएक्स लिमिटेड’ के सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौतम दत्ता ने कहा कि फिल्म से ‘‘बड़ी’’ उम्मीदें हैं। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ यह फिल्म ‘पठान’ रिलीज होने के कुछ सप्ताह बाद आ रही है। सच यह है यह दूसरी फिल्म है जिससे बड़ी उम्मीदें हैं और इसके ईद पर रिलीज होने की वजह से मुझे लगता है कि उत्साह कई गुना बढ़ गया है।’’ शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘पठान’ जनवरी में बड़े पर्दे पर रिलीज हुई थी, जिसने दुनिया भर में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की।

 दत्ता ने कहा कि फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ के ट्रेलर को कई देशों में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने कहा, ‘‘ फिल्म के पहले दिन 15 से 18 करोड़ की कमाई करने की उम्मीद है...।’’ शहर के एक फिल्म प्रदर्शक अक्षय राठी ने कहा कि ‘किसी का भाई किसी की जान’ सलमान खान की पिछले चार साल में पहली बड़ी फिल्म है इसलिए उनके प्रशंसकों में इसको लेकर काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि सलमान खान की फिल्म होने और उसके ईद पर रिलीज होने के कारण इससे काफी उम्मीदें हैं। 

फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ का निर्माण ‘सलमान खान फिल्म्स’ (एसकेएफ) के बैनर तले किया गया है। फिल्म में सलमान खान के अलावा तेलुगु अभिनेता वेंकटेश, पूजा हेगड़े, जगपति बाबू, भूमिका चावला, विजेंदर सिंह, राघव जुयाल, सिद्धार्थ निगम, जस्सी गिल, शहनाज गिल, पलक तिवारी और विनाली भटनागर भी नजर आएंगे। 

ये भी पढ़ें:- VIDEO : फिल्म 'ड्रीम गर्ल 2' का टीजर रिलीज, आयुष्मान खुराना को पहचानना हुआ मुश्किल

संबंधित समाचार