बरेली: चुनाव लड़ने को चुका रहे बकाया, अब तक 68 लाख टैक्स जमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाकर निगम दिला रहा नोड्यूज

बरेली, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत का बकाया टैक्स जमा हो रहा है। चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी सरकारी बकाया चुका रहे हैं, क्योंकि उन्हें नोड्यूज लेना पड़ रहा है। नगर निगम से ही अब तक 650 लोगों ने नोड्यूज लेकर 68 लाख रुपये का टैक्स जमा किया है। नोड्यूज लेने में अभी तीन दिन का समय बाकी है और इसके लिए छुट्टी के दिन भी कार्यालय खुलेगा।

नगर निगम के 80 वार्ड हैं। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि जोन के अनुसार नोड्यूज देने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की है। जोन 2 और 4 में 38 वार्ड आते हैं। यहां से अभी तक 300 लोग नोड्यूज ले चुके हैं। जबकि जोन 1 व 3 से 350 लोगों ने नोड्यूज लिया है। नोड्यूज लेने में निगम को अभी तक 68 लाख रुपये का टैक्स मिल चुका है।

सूत्रों ने बताया कि नोड्यूज लेने में कुछ ऐसे नेता भी सामने आए हैं जिन्होंने अभी तक अपने मकान और दुकान का टैक्स ही जमा नहीं किया था। चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे नेता का टिकट अभी फाइनल नहीं हुआ लेकिन पार्टी टिकट दे सकती है इस उम्मीद में उन्होंने दो दिन पहले टैक्स भरकर नोड्यूज हासिल किया है।

लाखों रुपये का यह टैक्स जमा करने पर उन्हें दिक्कत हो रही होगी लेकिन नियम के तहत बकाया नहीं होने की बाध्यता के चलते उन्हें भी नो ड्यूज लेने के लिए टैक्स भरना पड़ा है। नोड्यूज लेने में कई नेताओं की संपत्ति भी निगम में दर्ज हो गई है। अब ऐसे नेताओं के घर और दुकान पर भी हर साल टैक्स का बिल भेजा जा सकेगा।

आज और रविवार को भी नोड्यूज के लिए खुलेगा निगम
ईद के सार्वजनिक अवकाश और रविवार के दिन भी नगर निगम खुलेगा। नोड्यूज का कार्य और टैक्स जमा करने में संलग्न कर्मचारी कार्यालय आएंगे। यह जानकारी नगर निकाय चुनाव के नोडल अधिकारी व अपर नगर आयुक्त सर्वेश कुमार गुप्ता ने दी है।

यह भी पढ़ें- बरेली: नर्सों को सदैव अपने कार्य के प्रति जिम्मेदार रहना चाहिए: डॉ. केशव

संबंधित समाचार