उन्नाव एसपी तक पहुंचा दो मैसेज, जुलाई में विधायक को मार दूंगा गोली
एसपी के सीयूजी नंबर पर फोन कर युवक ने दी धमकी, आडियो वायरल
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव एसपी के सीयूजी नंबर पर एक युवक ने फोन कर जुलाई माह में एक विधायक को गोली मारने का ऐलान किया। उसने माखी पुलिस पर अपनी खीज निकालते हुए खूब अनाप सनाप गालियां बकी। युवक से सीयूजी नंबर पर हुई बातचीत का आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि अमृत विचार ऐसे किसी आडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल आडियो में एक युवक खुद को माखी थानाक्षेत्र के चकलवंशी निवासी बता एसपी के सीयूजी नंबर पर फोन करता है। पहले वह यह स्पष्ट करता है कि बात एसपी से हो रही है या पीआरओ से। पीआरओ से बात होने की पुष्टि होने पर वह मैसेज एसपी तक पहुंचाने की बात कह बोला कि अप्रैल माह चल रहा है और वह जिले के एक विधायक को जुलाई माह में गोली मार देगा। इसके साथ ही युवक माखी पुलिस को भी अनाप सनाप कहता सुनाई दिया। युवक सिरफिरा था या फिर बुद्धिमान यह तय करना मुश्किल है क्योंकि जब पीआरओ उससे उसके पिता का नाम पूछा तो उसने पिता का नाम न मालूम न होने की बात कही।
वजह पूछने पर उसने वह माखी थानाक्षेत्र में कुल्हाड़ी से हुए हमले के मामले में तीन भाईयों पर हुई कार्रवाई का जिक्र भी किया। साथ ही अपनी मंशा डिप्टी सीएम के ग्रुप में भी भेजने की बात कही। दो मिनट 24 सेंकेंड का आडियो लोगों में चर्चा का विषय है। इस संबंध में माखी एसओ रामआसरे चौधरी ने बताया कि कालर सिर्री किस्म का लग रहा है। उसका पता लगाया जा रहा है। उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना ने बताया कि नंबर बाहर का लग रहा है। सर्विलांस के जरिए कालर का पता लगाया जा रहा है। हकीकत क्या है यह तो फोन करने वाले को पकड़ने के बाद ही पता चल सकेगा।
यह भी पढ़ें : कन्नौज : गंगा में सात लड़कियां डूबीं, दो लापता
