Eid 2023 : अतीक हत्याकांड को लेकर Kanpur में अलर्ट रही पुलिस, कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुई नमाज, जानें...
कानपुर में कड़ी सुरक्षा में ईद की नमाज आद की गई।
प्रयागराज में अतीक अशरफ हत्याकांड के बाद कानपुर में ईद की नमाज अदा की गई। इस दौरान कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट मोड़ पर रही। शहर की बड़ी ईदगाह समेत 350 से ज्यादा मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। नमाजियों ने मुल्क में अमन चैन शांति की दुआ मांगी।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में ईद धूमधाम के साथ मनाई गई। बड़ी ईदगाह, बेनझावर समेत शहर की सभी ईदगाहों और मस्जिदों में लाखों नमाजियों ने ईद की नमाज अदा की गई। मुल्क में खुशहाली, तरक्की के साथ अमन चैन की दुआएं मांगी गईं। सुबह से ही तैयारी कर लोग खासतौर से सफेद कुर्ता पाएजामा और टोपी पहन कर लोग घरों से नमाज के लिए रवाना हो गए। सबसे ज्यादा भीड़ बड़ी ईदगाह में रही। यहां लाखों नमाज़ी पहुंचे।
ईदगाह पूरी तरह भर गई तो लोगों ने बाहर बैठ कर नमाज अदा की। ईदगाह फेथफुलगंज और सुजातगंज में महिलाओं ने नमाज अदा की। इसी तरह बगाही ईदगाह में भी बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमाज अदा की। चमनगंज बजरिया, बेकनगंज, ग्वालटोली, बाबूपुरवा, दादामियां, मूलगंज, फहीमाबाद, अजीतगंज कालोनी, रिजवी रोड, नई सड़क, रावतपुर, सुजातगंज, मछरिया, मुंशीपुरवा, जाजमऊ समेत अनेक स्थानों पर मेले का आयोजन किया गया।
29 ईदगाह और 491 मस्जिदों में पढ़ी गई नमाज
बेनाझाबर स्थित बड़ी ईदगाह समेत शहर की सभी ईदगाहों में लाखों नमाजियों ने नमाज अदा की। मौलाना शकील अहमद ने नमाज अदा कराई। उनके साथ इमाम दोएम सुब्हान इलाही भी मौजूद रहे। नमाज के दौरान अमन और चैन की दुआ की गई। इस दौरान पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड, जिलाधिकारी विशाख जी, संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी और डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार मौजूद रहे। इसके साथ ही कई जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर बधाई दी। अफसरों ने भी मौलानाओं को ईद की गले मिलकर शुभकामनाएं दी।
महिलाओं ने भी पढ़ी नमाज
ईदगाह अहले हदीस फेथफुलगंज में शनिवार सुबह 7:30 बजे और ईदगाह सुजातगंज में 6:30 बजे नमाज अदा की गई। इन दोनों ईदगाहों में महिलाएं भी ईद की नमाज अदा की। ईदगाह में एक ओर पुरुष और दूसरी तरफ महिलाएं रहीं। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी।

इन ईदगाहों में अदा हुई नमाज
- बड़ी ईदगाह, बेनाझावर सुबह 08:30 बजे।
- ईदगाह चंदारी कैंट सुबह 08:30 बजे.
- ईदगाह उस्मानपुर सुबह 08 बजे।
- ईदगाह मछरिया सुबह 08 बजे।
- ईदगाह नवाबगंज सुबह 08:30 बजे।
- जामा मस्जिद अशरफाबाद सुबह 8 बजे।
पुख्ता रही सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन से होती रही निगरानी
शहर के अलग-अलग मस्जिदों और ईदगाहों की तरफ यातायात का डायवर्जन पुलिस ने कर रखा था। नमाज के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए ड्रोन से नमाज के स्थान पर निगरानी की जा रही थी। शनिवार सुबह अलग-अलग मस्जिदों में अलग-अलग समय पर शुरू हुई। शहर की बड़ी ईदगाह में नमाज सुबह नौ बजे शुरू हुई। नमाज के दौरान बड़ी ईदगाह से लेकर चुन्नीगंज चौराहे तक राजनीतिक पार्टियों व सामाजिक संस्थाओं के ईद मुबारक कैंप भी लगाए गए। जिला प्रशासन ने भी अपना कैंप लगवाया। जहां जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर ने पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।
-1 000 से ज़्यादा सीसीटीवी और 20 ड्रोन से की गई निगरानी।
- 2000 से ज़्यादा पुलिस युवा मित्र तथा 1800 से ज़्यादा सिविल डिफेंस वालंटियर लगाई गई।
- 600 से ज्यादा एलआईयू और पुलिस कर्मी सिविल ड्रेस में रहे तैनात।
- आरएएफ, पीएसी, 60 क्युआरटी, 100 निरीक्षक, 700 उपनिरीक्षक, 8000 पुलिसकर्मी रहे तैनात।
- 50 वीडियोग्राफर करते रहे जगह-जगह पर वीडियो रिकॉर्डिंग।
- सभी प्रमुख चौराहे पीटीजेड कैमरों से लैस रहे।
- भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर रखी गई नजर।
त्योहार पर की गई अपील सड़क पर न करें स्टंटबाजी
बड़ी ईदगाह के मौलाना शकील अहमद ने बताया कि ईद के नमाज में तकरीबन डेढ़ लाख से ज्यादा लोग एक साथ बड़ी ईदगाह में नमाज पढ़ी। नमाज के बाद मुल्क में अमन चैन शांति की दुआ की। ईदगाह कमेटी के सदस्य सारिक ने यह भी कहा कि लोगों से अपील कि वह अपने नौजवान बच्चों को समझाए कि सड़क पर बेवजह के स्टंट वाहनों से ना करें। क्योंकि लगातार कई बार स्टंट करते हुए वीडियो सामने आ रहे हैं। जिला प्रशासन ने भी वीडियो जारी किए हैं। शहर वासियों से अपील है कि लोग त्योहार पर सड़क पर निकले लेकिन स्टंटबाजी कतई न करें।
अलर्ट : अफसरों ने किया पुलिस के लिए जारी
- पुलिस बल अपनी-अपनी डयूटी स्थान पर दंगा नियन्त्रण उपकरण समेत उपस्थित रहेंगे।
- ईदगाहों पर लगा पुलिस बल सुनिश्चित करेगा कि मस्जिद में कोई संदिग्ध वस्तु प्रवेश न होने पाए। आवारा पशुओं पर भी सतर्क दृष्टि रखेंगे।
- नामित पुलिस बल में से कोई भी अपनी डयूटी प्रभारी अधिकारी की अनुमति के बिना अपना स्थान नहीं छोड़ेगा।
- पुलिस बल के अधिकारी और कर्मचारी किसी सदस्य समुदाय आदि पर टिप्पणी नहीं करने देंगे, जिससे कि अनावश्यक विवाद की स्थिति उत्पन्न हो।
- क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर किसी भी कानून-व्यवस्था की बिगड़ने वाली स्थिति को उत्पन्न नहीं होने देंगे।
- संभ्रांत व्यक्तियों से लगातार संवाद बनाए रखेंगे और पल-पल की जानकारी प्राप्त करते रहेंगे।
- पुलिस युवा मित्र जो वहां के बनाए गए हैं, उनको भी साथ रखकर फोर्स मल्टीप्लायर का काम करेंगे।
पुलिस सड़क से लेकर सोशल मीडिया पर अपनी नजर बनाए हुए है। अगर कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने के लिए भ्रामक सूचना फैलाता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल और सोशल मीडिया सेल लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। इसके साथ ही थाना प्रभारी, एसीपी और डीसीपी भी लोकल के व्हाट्सएप ग्रुप पर नजर रखेंगे।- बीपी जोगदंड, पुलिस कमिश्नर
