लखनऊ: ईद के मौके पर ईदगाह पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कहा- सबसे ज्यादा मुसलमान यूपी में सुरक्षित
अमृत विचार, लखनऊ। ईद-उल-फितर के मौके पर शनिवार सुबह राजधानी लखनऊ की सभी मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। वहीं नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर भाई-चारे और प्रेम का संदेश दिया। बता दें कि ऐशबाग स्थित ईदगाह में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सुबह 10 बजे नमाज अदा की। वहीं इस मौके पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ईदगाह पहुंचे।
बता दें कि ईद के मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लोगों को मुबारकबाद देते हुए कहा कि दुनिया में मुसलमान अगर सबसे ज्यादा कहीं सुरक्षित हैं तो भारत और उत्तर प्रदेश में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदिनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में मुसलमान लगातार तरक्की कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सरकार एक-एक मुस्लिम भाई के हक और उनके जीवन स्तर में बदलाव लाने के लिए काम कर रही है।
वहीं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि हम सब मिलकर एकजुट होकर आगे बढ़ें और हमारा मुल्क आगे बढ़े। उन्होंने आगे कहा कि हम सभी जितनी जाति मजहब के लोग हैं सब भाईचारे के साथ रहें, मोहब्बत के साथ रहें और देश की तरक्की में सबका योगदान रहे। यही आज की जरूरत है। इसी जरूरत पर देश की मोदी सरकार और यूपी की योगी सरकार काम कर रही है।
ये भी पढ़ें:- लखनऊ: ईदगाह में सकुशल अदा की गई ईद की नमाज, मुल्क की खुशहाली के लिए नमाजियों ने मांगी दुआ
