Bareilly: साइबर ठगों के जाल में फंसकर कई लोगों ने गंवाई रकम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कहीं ऑनलाइन व्यापार करने का दिया झांसा तो कहीं एम कनेक्ट एप के माध्यम से खाते से उड़ाई धनराशि

बरेली, अमृत विचार। साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ठग अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर खाते से रकम निकाल ले रहे हैं। जालसाजों ने जहां एक व्यक्ति को ऑनलाइन व्यापार का झांसा देकर पांच लाख तो वहीं एक जनसेवा संचालक के खाते से एक व्यक्ति ने एप के माध्यम से एक लाख रुपये अधिक रुपये की रकम ट्रांसफर कर ली। वहीं एक युवती के खाते से हजारों रुपये उड़ा दिए। एक मामले में पुलिस ने चक्कर काटने के बाद रिपोर्ट दर्ज की है।

केस 1: आनलाइन व्यापार के नाम पर ठगी, बमुश्किल दर्ज हुई रिपोर्ट
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला गुलाबनगर पक्का बाग निवासी शलभ सक्सेना से एक महिला ने ऑनलाइन व्यापार के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी कर ली। साइबर सेल ने खातों में रकम होल्ड करा दी, लेकिन प्रेमनगर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद एसएसपी के आदेश प्रेमनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।

शलभ सक्सेना ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप काल आई थी। कॉल करने वाली महिला ने अपना नाम कार्ली और खुद को विश वन आन लाइन बिजनेस कम्पनी की संचालिका बताया। इसके बाद एक एक टेलीग्राम मोबाइल एप का लिंक साझा किया। इस पर अलीशा नाम की युवती की आईडी संचालित थी।

युवती ने पहले उन्हें छोटे छोटे टॉस्क दिए, जिन्हें पूरा कर दिया। इसके बाद बड़े टॉस्क दिए। जिन्हें पूरा करने के लिए उन्होंने अपनी पत्नी के जेवर और ब्याज पर रुपये लेकर 3,33,972 रुपये लगा दिए। उन्हें मुनाफा के 1,66,986 के रुपये मिलने चाहिए थे, लेकिन रुपये नहीं मिले। तब उन्हें पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं।

केस 2: एप से 1.58 लाख रुपये खाते में किए ट्रांसफर
बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला एजाजनगर गौटिया निवासी शान मोहम्मद ने बताया कि उनका शान सकलैनी नाम से जनसेवा केंद्र है। जहां वह स्पाइस मनी के माध्यम से रुपये ट्रांसफर करने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि जनसेवा केंद्र में जोगी नवादा निवासी अल्ताफ हुसैन कार्य करता था। बताया कि अल्ताफ एम कनेक्ट के माध्यम से शरीफ के खाते में रुपये ट्रांसफर करता था।

आरोप है कि अल्ताफ ने उसके भाई जीशान के खाते से 50 हजार, अपने खाते में 5900 और उनकी बहन लायवा के खाते से 31200 रुपये ट्रांसफर किए हैं। आरोपी ने फोन पे एप से अपने फोन पे पर 41,280 और 33300 रुपये ट्रांसफर किए हैं। जब वह दुकान पर नहीं होते थे तो वह रुपये ट्रांसफर करता था। शान मोहम्मद की शिकायत पर बारादरी पुलिस ने अल्ताफ हुसैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

केस 3: जालसाज ने युवती के खाते से निकाले 44 हजार
प्रेमनगर के मोहल्ला जनकपुरी निवासी रिया सेठी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनका खाता एक बैंक में है। उन्होंने क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया था। इसके बाद भी उनके घर पर बैंक की ओर से क्रेडिट कार्ड भेज दिया गया। क्रेडिट कार्ड अभी बंद है। रिया ने बताया कि उनके पास बैंक की ओर से 16 अप्रैल को फोन और रकम जमा करने को कहा गया। तब उन्हें पता चला कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। रिया ने बताया कि उनके खाते से 44 हजार 319 रुपये निकाल लिए।

यह भी पढ़ें- Bareilly: सपा जिलाध्यक्ष ने चालक पर दर्ज कराई चोरी की रिपोर्ट, जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार