UP Nikay Chunav 2023 : BJP ने Banda की जारी की नगर पालिका व नगर पंचायत चेयरमैन प्रत्याशियों की सूची
बीजेपी ने बांदा की नगर पालिका व नगर पंचायत चेयरमैन प्रत्याशियों की सूची की जारी।
बीजेपी ने बांदा की नगर पालिका व नगर पंचायत चेयरमैन प्रत्याशियों की सूची की जारी। बांदा से बासू और अतर्रा नगर पालिका से संगीता को टिकट मिला। आधा दर्जन नगर पंचायतों के उम्मीदवारों की भी घोषणा हुई।
बांदा, अमृत विचार। काफी जद्दोजहद और लंबे इंतजार के बाद भाजपा ने दो नगर पालिका और छह नगर पंचायतों के उम्मीदवारों के चेयरमैन उम्मीदवार घोषित कर दिए। भाजपा ने नगर पालिका बांदा से मालती बासू और अतर्रा नगर पालिका से संगीता निराला को उम्मीदवार बनाया है। प्रत्याशियों के नामों की घोषणा के बाद अन्य राजनीतिक दलों में सियासी हलचल तेज हो गई है।
निकाय चुनाव में नामांकन की आखिरी तारीख के एक दिन पहले सत्ताधारी भाजपा ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। रविवार की देरशाम जारी सूची में भाजपा ने बांदा नगर पालिका से शहर के प्रसिद्ध मिष्ठान भंडार के संचालक वरिष्ठ भाजपा नेता रामकिशुन बासू की पत्नी मालती बासू और अतर्रा नगर पालिका से भाजपा के मंडल अध्यक्ष वेद निराला की पत्नी संगीता निराला को अपना उम्मीदवार बनाया है।
ऐसे ही जिले की आधा दर्जन नगर पंचायतों में नरैनी से नीलम वर्मा, बिसंडा बुजुर्ग से आशा देवी, ओरन से मनोज द्विवेदी, बबेरू से विजयपाल सिंह, तिंदवारी से राजकुमारी गुप्ता और मटौंध से सुधीर सिंह उर्फ रामबाबू को पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार बनाया गया है। हालांकि लंबे समय से भाजपा की सूची का जनपदवासियों को बेसब्री से इंतजार था और सूची का ऐलान न होने से तरह तरह की चर्चाओं का बाजार भी गरम होने लगा था।
भाजपा ने अपने चिरपरिचित अंदाज में नामांकन के ठीक एक दिन पहले देरशाम सूची जारी करके सभी को चैंका दिया और अपने कार्यकर्ताओं को पार्टी उम्मीदवारों की जीत के लिए जतन करने का आह्वान किया है। उधर सपा उम्मीदवार रुचि त्रिपाठी ने अपना नामांकन दाखिल करके दावेदारी ठोंक चुकी है और उन्होंने अपना चुनाव अभियान भी तेज कर दिया है। उधर कांग्रेस और बसपा ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया है और लगातार मंथन का दौर जारी है।
हालांकि सूत्रों की मानें तो सपा का टिकट कटने के बाद मौजूदा चेयरमैन अपनी पत्नी के टिकट के लिए कांग्रेस और बसपा में गणेश परिक्रमा में जुटे हैं। चर्चा है कि मौजूदा चेयरमैन की गणेश परिक्रमा की वजह से ही कांग्रेस और बसपा के टिकट में देरी हो रही है।
