संभल में बाइक सवार की सरेराह गोली मारकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रिश्तेदारी में जा रहा था गुन्नौर थाना क्षेत्र में रहने वाला युवक

संभल, अमृत विचार। जनपद के कैला देवी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दुस्साहसिक तरीके से बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। फायर की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंच गए। बदमाशों ने जान से मार देने की धमकी देकर उन्हें वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। सीओ की अगुवाई में पुलिस की कई टीमें हत्यारों की तलाश में लगी हैं।

रविवार की रात आठ बजे के बाद पंवासा से ठाटी की तरफ जाने वाले रास्ते पर मिलक गांव के निकट बाइक पर जा रहे 24 वर्षीय युवक को पीछे से दूसरी बाइक पर सवार होकर आये बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर गया।

फायर की आवाज सुनकर खेतों पर फसल की रखवाली कर रहे किसान घटनास्थल की तरफ आने लगे। यह देख बाइक सवार हत्यारों ने तमंचे लकराकर जान से मारने की धमकी देते हुए वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद हत्यारे बाइक पर सवार होकर आराम से निकल गये। घटना की जानकारी मिलने के बाद कैला देवी पुलिस के साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक श्रीशचंद्र व सीओ जितेंद्र सरगम भी मौके पर पहुंच गये।

गुन्नौर क्षेत्र का है मरने वाला युवक
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की बाइक व जेब से मिले मोबाइल के जरिए उसकी शिनाख्त का प्रयास किया। सीओ जितेंद्र सरगम ने बताया कि मरने वाले का नाम संजय बताया गया है। चौबीस वर्षीय संजय गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव अकबरपुर का रहने वाला था। वह गवां के निकट निजामपुर गांव में स्थित रिश्तेदारी में जा रहा था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

गांव की रंजिश में हत्या का अंदेशा
संजय की हत्या का राज खोलने में जुटी पुलिस अभी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। मृतक के परिजनों से हुई बातचीत से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि गांव की रंजिश हत्या की वजह हो सकती है। सीओ जितेंद्र सरगम ने बताया कि पुलिस गहनता से मामले की पड़ताल में जुटी है।

हत्यारों की धरपकड़ को सघन चैकिंग, छापेमारी
हत्यारों ने सरेराह ग्रामीण की हत्या कर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी की है। हत्यारों को पकड़ने के लिए कैला देवी पुलिस के साथ ही बहजोई, रजपुरा व हयातनगर थानों की पुलिस ने भी सघन चैकिंग शुरू कर दी। वहीं पुलिस की तीन टीमें हत्यारों की धरपकड़ के लिए लगाई गई हैं।

यह भी पढ़ें- Sambhal: फेसबुक पर दो बच्चों की मां दे बैठी दिल, पहुंची प्रेमी के घर तो उड़े सबके होश...जानिए फिर क्या हुआ?

संबंधित समाचार