UP को मिला ‘सक्षम’-2022 बिग स्टेट अवार्ड, हरित और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने में शुमार हुआ नाम
अमृत विचार , लखनऊ। इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की देखरेख में आयोजित पुरस्कार समारोह में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री, भारत सरकार रामेश्वर तेली ने राज्य स्तरीय समन्वयक, तेल उद्योग (उत्तर प्रदेश) और इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक व राज्य प्रमुख संजीव कक्कड़ को सक्षम’-2022 बिग स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया। पेट्रोलियम पदार्थों के संरक्षण, हरित एवं स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने के लिए राज्य की तेल कंपनियों के उत्कृष्ट प्रयासों को देखते हुए बड़े राज्यों की श्रेणी में उत्तर प्रदेश को राज्य स्तरीय समन्वयक (एसएलसी) का दूसरा पुरस्कार प्रदान किया गया है। उत्तर प्रदेश और यहां के तेल उद्योग के लिए यह गौरव की बात है। इस पुरस्कार समारोह में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव पंकज जैन और इंडियन ऑयल के अध्यक्ष श्रीकांत माधव वैद्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मंत्री रामेश्वर तेली ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक मंत्रालय की शून्य कार्बन उत्सर्जन सुनिश्चित करने और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में योगदान देने के लिए प्रतिबद्धता को दोहराया। गौरतलब है कि सक्षम-2022 के दौरान तेल उद्योग, उत्तर प्रदेश को कुल 6000 पर्यावरण संरक्षण से सम्बंधित कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन करना था। लेकिन उत्तर प्रदेश की तेल कंपनियों ने कुल 22000 कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया। इनमें से अकेले लखनऊ में ही लगभग 7000 कार्यक्रम आयोजित किये गये।
ये भी पढ़ें - लखनऊ में अखिलेश से मिले नीतीश कुमार, कहा- हमें नेता नहीं बनना, भाजपा के खिलाफ सबको करेंगे एकजुट
