रामपुर: 27 लाख आबादी पर कनेक्शन सिर्फ तीन लाख सुनकर चौंके UPPCL के चेयरमैन
उप्र पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष एम देवराज ने दो लाख कनेक्शन बढ़ाने और बिजली चोरी रोकने के दिए निर्देश
फोटो- पनवड़िया बिजलीघर का निरीक्षण करते अध्यक्ष।
रामपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष एम देवराज रामपुर पहुंचे। उन्होंने कई बिजली घरों का निरीक्षण किया और समीक्षा बैठक कर बिजली चोरी रोकने के निर्देश दिए। जिले की 27 लाख आबादी पर सिर्फ तीन लाख बिजली कनेक्शन होने पर नाराजगी जताई और दो लाख कनेक्शन बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि निगम को बिजली चोरी से रामपुर में एक करोड़ का घाटा हो रहा है। चोरी पर रोक लगाने के लिए प्रत्येक उपकेंद्र को प्राफिट सेंटर के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि जो विद्युत अधिकारी काम नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विकास भवन के सभागार में मंगलवार को आयोजित समीक्षा के दौरान अध्यक्ष एम देवराज ने एक्सईएन, एसडीओ से जानकारी ली। कहा कि एटी एंड सी हानियां क्या है। जिसका कई अधिकारी सही जवाब नहीं दे पाए। इस पर अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इन लोगों का काम बिजली आपूर्ति को कम कराना, राजस्व वसूली को बढ़ाना है।
कहा कि जिस तरह एक व्यापारी थोक में लाकर फुटकर बेचता है, वहीं हम लोग करते हैं। सामान लाने में ही 15 से 20 प्रतिशत चोरी हो जाए तो व्यापार कैसे चलेगा। यही हाल बिजली का है। चोरी रोकिए, कहा कि बिजली ऐसी चीज है जिसके बगैर कोई नहीं रह सकता।
इसके बाद उन्होंने अधीक्षण अभियंता राजीव गर्ग को निर्देश दिए कि जिस हिसाब से जनपद को बिजली दी जा रही है उस आकलन के मुताबिक निगम को राजस्व प्राप्त नहीं हो रहा है। इस मामले में जनपद काफी पिछड़ रहा है। उन्होंने लाइनलास पर रोक लगाने, राजस्व वसूली को बढ़ाने के भी निर्देश भी दिए। अध्यक्ष तीन दिवसीय दौरे पर रामपुर, मुरादाबाद, संभल, बिजनौर के सब स्टेशनों का निरीक्षण करेंगे।
पनवड़िया बिजलीघर पहुंचने से मचा हड़कंप
यूपी पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष एम देवराज विकास भवन में समीक्षा लेकर पनवड़िया बिजलीघर पहुंचे। जहां उनके पहुंचने से बिजली निगम के अफसरों में हड़कंप मच गया। इस दौरान उन्होंने अवर अभियंता से बिजली से संबंधित और कर्मचारियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने एसएसओ के ड्यूटी रजिस्टर को चेक किया गया। 220 केवी उपकेंद्र विद्युत पारेषण खंड भी पहुंचे। इस दौरान डीएम, सीडीओ, एसई राजीव गर्ग, समस्त अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता राजस्व, मीटर एई विशाल मलिक शामिल रहे।
अध्यक्ष के आगमन पर उपकेंद्र पर कराई गई साफ सफाई
पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष एम देवराज के आगमन पर नवाबगेट बिजलीघर पर दिनभर साफ सफाई का कार्य किया गया। इस दौरान सब स्टेशन पर लगी भीड़भाड़ को भी कम कराया गया। उनके आने की सूचना पर घासों की कटाई भी की गई। इसके बाद एक्सईएन ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों द्वारा की गई साफ सफाई का भी जायजा लिया। इससे पहले मंगलवार की सुबह पहाड़ी गट इलाके कर अंडर ग्राउंड लाइन में फाल्ट हो गया। उधर अध्यक्ष के आने की सूचना मिलने पर आनन फानन में कर्मचारियों को लाइन में आई खराबी को सही कराया गया। इसके अलावा जेल रोड, डूंगरपुर, शाहबाद गेट इलाके में भी बिजली की ट्रिपिंग होती रही।
अवकाश के दिन राजस्व बढ़ाने को खोले जाते हैं कैश कांउटर
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेश के अध्यक्ष ने जो राजस्व वसूली को बढ़ाने के निर्देश दिए। ऐसे में हर अवकाश के दिन जनपद के सभी काउंटर खोले रहते हैं। जिस पर निगम के अधिकारी उपभोक्ताओं से अपील करते हैं कि ज्यादा से ज्यादा बिल की अदायगी करें। लेकिन इसके बाद भी कांउटर खुलने से कोई असर नहीं पड़ रहा है। राजस्व को बढ़ाने का मुद्दा समीक्षा के दौरान गूंजा।
यह भी पढ़ें- रामपुर: यूपी बोर्ड हाईस्कूल में नागेश्वर और खुशी जिला टॉपर, इंटर में हरप्रीत अव्वल
