खाक छानती रही Unnao पुलिस, युवक ने CM आवास पहुंच खुद को लगाई आग, SP को फोन कर विधायक को गोली मारने की दी थी धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ सीएम आवास के बाहर उन्नाव के युवक ने खुद को आग लगाई।

उन्नाव पुलिस ढूंढती रही और युवक ने सीएम आवास पहुंच खुद को युवक ने आग लगा ली। बीते शुक्रवार एसपी को फोन कर सफीपुर विधायक को गोली मारने की धमकी दी थी।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव का माखी थाना एक बार फिर सुर्खियों में आया है। यहां के निवासी एक युवक का बीते शुक्रवार एसपी के सीयूजी नंबर पर पीआरओ से हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें उसने सफीपुर विधायक को जुलाई माह में गोली मारने की बात कही थी।

मामला सुर्खियों में आने के बाद पुलिस मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश करने का दावा कर रही थी। पुलिस तो उसका पता नहीं लगा सकी लेकिन, युवक बुधवार को लखनऊ स्थित सीएम आवास के बाहर पहुंचा और खुद को आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौजूद पुलिस कर्मियों ने आनन-फानन में आग बुझाकर उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।

बीते शुक्रवार एक आडियो वायरल हुआ था जिसमें एसपी के सीयूजी नंबर पर एक युवक से हुई बातचीत की काल रिकार्डिंग थी। कालर ने खुद को आनंद मिश्रा निवासी चकलवंशी बताया था। आडियो में वह पीआरओ से बात होने की पुष्टि होने पर उसने अपनी बात एसपी तक पहुंचाने की बात कहते हुए कहा था कि वह सफीपुर विधायक बम्बालाल दिवाकर को जुलाई माह तक गोली मार देगा। उसने माखी पुलिस को भी आडियो में अभद्रभाषा का प्रयोग करते हुए खूब खरीखोटी सुनाई थी।

विधायक से नाराजगी की वजह पूछने पर उसने बताया कि कुछ माह पूर्व उस पर कुल्हाड़ी से वार हुआ था। गंभीर घायल होने और कई दिनों तक इलाज के लिए भर्ती रहने के बाद भी माखी पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने को अपने फैसले की वजह बताया था। इस बारे में माखी एसओ रामआसरे चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज कर कालर का पता लगाने की बात कही थी।

फोन पर धमकी देने के बाद भी पुलिस तो उसे ढूंढ नहीं सकी लेकिन, युवक बुधवार को लखनऊ के गौतमपल्ली थानाक्षेत्र स्थित सीएम आवास के बाहर पहुंच गया और खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। हालांकि मौके पर मौजूद रहे पुलिस कर्मियों ने तेजी दिखाते हुए आग बुझाकर उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी होने पर माखी थाना की पुलिस लखनऊ के लिये रवाना हो गई है।

संबंधित समाचार