संभल: मंदिर में तोड़-फोड़कर प्रतिमा की क्षतिग्रस्त, गुस्साए लोगों ने जम कर किया हंगामा
पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
चन्दौसी/संभल, अमृत विचार। बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव देवरखेड़ा के मोहल्ला अशोकनगर में मंगलवार रात शरारती तत्व ने देव प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करते हुए मंदिर में तोड़फोड़ की। पता लगने पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस व सीओ ने गुस्साए लोगों को समझा-बुझा कर शांत किया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने नशे की हालत में मंदिर में तोड़फोड़ करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर चालान कर दिया है।
ग्राम देवरखेड़ा में छोटा बाइपास रोड पर सड़क किनारे चबूतरे पर छोटा मंदिर है। इसमें ढाई फीट ऊंची शनिदेव की सीमेंट की प्रतिमा व साढ़े चार फीट ऊंची सीमेंट की हनुमान जी की प्रतिमा भी स्थापित है। दोनों प्रतिमा अलग-अलग लोहे के जाल से संरक्षित हैं। प्रतिमा के पीछे पीपल का वृक्ष है। शनिदेव की प्रतिमा पांच साल से स्थापित है। जबकि हनुमान जी की प्रतिमा दो माह पहले मोहल्ले के ही सेवानिवृत फौजी रविंद्र कुमार ने लगवाई थी। मंदिर की देखभाल अधिवक्ता अशोक कुमार करते हैं।
मंगलवार की देर रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात शरारती तत्व ने हनुमान जी की प्रतिमा को जाल से निकालकर चबूतरे के नीचे गिरा दिया। इससे प्रतिमा के दोनों पैर क्षतिग्रस्त हो गए। बुधवार की सुबह जब लोग पूजा-अर्चना करने मंदिर पहुंचे तो क्षतिग्रस्त मूर्ति देख भड़क गए। कुछ ही देर में भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर थाना प्रभारी मुकेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ दीपक तिवारी भी पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
पुलिस ने प्रतिमा को जाल के अंदर रखवा दिया। जांच में गांव के ही विक्की उर्फ विक्रम का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विक्की ने नशे की हालत में मंदिर में तोड़फोड़ व प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की बात स्वीकार की है। इस मामले में अरविंद की तहरीर के आधार पर विक्की उर्फ विक्रम निवासी अशोकनगर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपी का चालान कर दिया गया है।
बुधवार की सुबह बनियाठेर पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के गांव देवरखेड़ा के अशोकनगर स्थित मंदिर में देव प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया है। सामान फेंका गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की। गांव के ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसने नशे की हालत में प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने की बात स्वीकार की है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है। -चक्रेश मिश्रा, एसपी।
ये भी पढ़ें:- संभल: साहब मुझे गोली मत मारना... पोस्टर लहराकर गैंगस्टर ने थाने में किया सरेंडर
