बरेली: गेहूं खरीदने के लिए अब किसान के घर पहुंचेगा ट्रक, दिए निर्देश
कम खरीद देख जनपद में शुरू की गई मोबाइल क्रय केंद्र की व्यवस्था
बरेली, अमृत विचार। जनपद में गेहूं क्रय केन्द्रों पर किसानों की कम आवाजाही और सुस्त रफ्तार देख मोबाइल क्रय केंद्र की व्यवस्था मंगलवार से लागू कर दी गई है। केंद्र प्रभारी गेहूं खरीदने के लिए किसान के घर ट्रक और लेबर लेकर पहुंचेंगे। सहूलियत के लिए कंट्रोल रूप भी खोल दिया गया है।
एडीएम ऋतु पूनिया ने बताया कि रबी विपणन में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए शासन के निर्देश पर मोबाइल गेहूं क्रय केन्द्र की व्यवस्था कराई गई है। क्रय केंद्र प्रभारी ग्रामीण क्षेत्र के उचित दर विक्रेताओं, ग्राम प्रधानों और किसानों से वार्ता करेंगे। जिस गांव में ट्रक लोड गेहूं क्रय की संभावना होगी, वहां मोबाइल क्रय केन्द्र के माध्यम से गेहूं क्रय कर क्रय गेहूं सीधे भारतीय खाद्य निगम के डिपो भेज दिया जाएगा।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमलेश पांडेय ने बताया कि बाजार में गेहूं का अधिक भाव होने के कारण क्रय केंद्रों पर सन्नाटा रहता है। इसे दूर करने के लिए मोबाइल क्रय केंद्रों के माध्यम से गेहूं क्रय करने का निर्णय लिया है। मोबाइल क्रय केंद्र के लिए कंट्रोल रूप की स्थापना की गई है। क्रय किए गेहूं का 2125 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान किया जाएगा।
औने-पौने दाम में गेहूं न बेचे किसान
आरएम सचिन कुमार ने जिले के किसानों से औने-पौने दाम में गेहूं नहीं बेचने की अपील की है। बताया कि अभी तक देखा जा रहा था कि जिन किसानों के पास साधन नहीं है वे किसान अपने घर से ही व्यापारियों को गेहूं बेच दे रहे थे। लेकिन अब किसानों के हित में शासन की तरफ से मोबाइल क्रय केंद्र शुरू किया गया है। कहा कि किसान सूचना देकर घर से ही सरकारी दर पर गेहूं बिक्री कर सकते हैं। उनको किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।
सचिव और लेखपाल भी करेंगे सहयोग
सरकारी गेहूं खरीद में ग्राम पंचायत सचिव, लेखपाल, कृषि विभाग और सहकारिता विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों की भी मदद ली जाएगी। कोई भी किसान यदि अपने गेहूं बेचना चाहता है तो वह ग्राम प्रधान के अलावा सचिव, लेखपाल आदि से भी संपर्क करेगा। यह किसानों को गेहूं बिकवाने में मदद करेंगे।
किसान जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय के नंबर 0581-24002279, संभागीय खाद्य नियंत्रक कार्यालय के 0581-2427342/2427115, पीसीयू के जिला प्रबंधक के मोबाइल नंबर 8765987423 पर संपर्क कर समस्या बता सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: महापौर को लेकर सपा में घमासान, तोमर निर्दलीय तो संजीव सक्सेना सिंबल से मैदान में उतरे
