अतीक से जुड़े तमाम राज का एक-एक कर हो रहा खुलासा, 25 से ज्यादा शेल कंपनियों को इन शहरों में कराया था पंजीकृत
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन की तलाश जारी है। वहीं, अतीक के दो नाबालिग बेटे बाल सुधार गृह में हैं, दो और बेटे जेल में जबकि एक बेटे असद का एनकाउंटर हो चुका है। अब अतीक से जुड़ी तमाम राज का एक-एक कर खुलासा हो रहा है।
अतीक अहमद के गुर्गों के ठिकानों पर ईडी की छापामारी में वसूली और जमीनों के कारोबार से जुटाई गयी काली कमाई को सफेद करने के प्रमाण भी मिले हैं। छानबीन में सामने आया है कि अतीक के करीबियों ने 25 से ज्यादा शेल कंपनियों को मुंबई, कोलकाता जैसे शहरों में पंजीकृत कराया था। इनके जरिए अतीक की काली कमाई को खपाया जा रहा था।
अतीक और उसके गैंग की 1169 करोड़ रुपये की संपत्तियों को पुलिस जब्त या ध्वस्त कर चुकी है। साथ ही, अतीक के कब्जे वाली अरबों रुपये की जमीनों को भी मुक्त कराया था। अब ईडी इसका ब्योरा लेकर कार्रवाई करने की तैयारी में है।
ईडी ने अतीक के दोनों चार्टर्ड अकाउंटेंट को भी पूछताछ के लिए तलब किया है। ईडी के अधिकारी जल्द ही प्रयागराज पुलिस और एसटीएफ से अतीक गैंग के खिलाफ की गयी कार्रवाई का ब्योरा भी खंगालेंगे।
