निकाय चुनाव 2023: अयोध्या में वरिष्ठ शिक्षकों को भी बना दिया मतदान अधिकारी चतुर्थ, इन्हें भी नहीं मिली राहत
अयोध्या, अमृत विचार। जिले में 11 मई को होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव में कार्मिकों की लगाई गई ड्यूटी में गड़बड़ी की भरमार है। जनपद से ब्लॉक को भेजी गई ड्यूटी में मातृत्व अवकाश और गर्भवती महिलाओं की ड्यूटी द्वितीय मतदान अधिकारी के तौर पर लगाई गई है जबकि विकलांग शिक्षकों और पति/पत्नी दोनों कार्मिक हैं ऐसे शिक्षकों को भी राहत नहीं दी गई है। वही प्राथमिक के प्रधानाध्यापक और जूनियर के सहायक जैसे वरिष्ठ अध्यापकों की ड्यूटी मतदान अधिकारी चतुर्थ के रूप में लगाई गई है।
चुनाव ड्यूटी में सबसे बड़ी परेशानी मातृत्व अवकाश पर होने वाली महिलाओं को होगी। यह महिला कार्मिक माह दो माह के बच्चे को लेकर किस तरह ड्यूटी करेंगी, वही दूसरी ओर गर्भवती महिलाओ के सामने सुदूर क्षेत्रों में जाकर 8 से 10 घंटा बैठकर ड्यूटी करने की असली चुनौती रहेगी। दिव्यांग कारकों के सामने भी निकाय चुनाव कराना एक बड़ी समस्या से पार कर पाने जैसा ही है।
पति पत्नी दोनों कार्मिकों की ड्यूटी एक साथ लग जाने से घर पर बच्चों को देखने की सबसे बड़ी समस्या होगी। जबकि इससे पूर्व लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में भी बड़े पैमाने पर ड्यूटी लगने के बाद भी मातृत्व अवकाश पर रहने वाली महिलाएं गर्भवती महिलाएं विकलांगों और पति-पत्नी में से एक को छूट रहती रही है। जबकि निकाय चुनाव कुछ ही क्षेत्रों तक होने के कारण कार्मिकों की संख्या बड़े पैमाने पर उपलब्ध है।
फिर भी विकल्प ना लेकर सीधी ऐसे कार्मिकों को ड्यूटी पर लगा देने से महिला कार्मिकों और विकलांगो को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ेगा। वहीं दूसरी तरफ 22 शिक्षकों की ड्यूटी मतदान अधिकारी चतुर्थ पर लगने से शिक्षकों में भारी आक्रोश है। शिक्षकों का स्पष्ट कहना है कि वरिष्ठता का पूरा ख्याल रखा जाना चाहिए था और ग्रेड पे के अनुसार ही चुनाव ड्यूटी लगनी चाहिए थी।
चुनाव ड्यूटी में कार्मिकों की समस्याओं को ध्यान में रखने के लिए ज्ञापन दिया गया था लेकिन ड्यूटी में विकल्प ना देने से यह समस्या आई है। इसलिए जिला निर्वाचन कार्यालय को मातृत्व अवकाश, गर्भवती महिलाओं, विकलांग और पति - पत्नी कार्मिकों की ड्यूटी प्रार्थना पत्र लेकर काटनी चाहिए ...मनोरमा साहू, जिलाध्यक्ष महिला शिक्षक संघ।
चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कार्मिकों की समस्याओं को देखते हुए मातृत्व अवकाश, गर्भवती दिव्यांग और पति/ पत्नी में एक की ड्यूटी कटनी चाहिए। साथ ही मतदान अधिकारी चतुर्थ को प्रथम मतदान अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाए ... संजय सिंह जिलाध्यक्ष, प्राथमिक शिक्षक संघ।
सूची बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से मिली जिसके अनुसार ड्यूटी लगाई गई है। जहां विसंगति सामने आ रही है उन पर विचार किया जा रहा है। गर्भवती व दिव्यांगों को छूट है। यदि किसी की शिकायत है तो उचित कारण के साथ प्रार्थना पत्र दे सकता है ...अनीता यादव, सीडीओ, निकाय चुनाव कार्मिक प्रभारी, अयोध्या।
यह भी पढ़ें:-गौतम बुद्ध नगर: दूसरे छात्रों की जगह परीक्षा देते तीन व्यक्ति गिरफ्तार
