संभल: महिला व कथित प्रेमी को बंधक बनाकर पीटा- घसीटा, पांच गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महिला ने भूसा इकट्ठा कराने के लिए बुला लिया था गांव का युवक, युवक से प्रेम संबंध का आरोप लगाकर की बेरहमी से की पिटाई

संभल, अमृत विचार। जुनावई थाना क्षेत्र में गांव के युवक से प्रेम-प्रसंग का आरोप लगाकर परिजनों ने महिला व उसके कथित प्रेमी को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं महिला को डंडे व थप्पड़ों से पीटते हुए सड़क पर घसीटा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर एक महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

जुनावई थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाली महिला के पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद महिला किसी तरह अपने पांच बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। महिला खेतीबाड़ी का काम भी खुद ही संभालती है। गेहूं की फसल की गहाई के बाद बुधवार को महिला ने भूसा एकत्र कराने के लिए गांव के ही युवक को बुलाया था। महिला युवक के साथ जंगल में थी। तभी महिला के कुछ परिजन वहां पहुंच गए। महिला पर युवक से प्रेम संबंध बनाकर गांव का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। युवक व महिला को घसीटते हुए गांव में ले गए। फिर रस्सी से बांधकर उनकी पिटाई की और सड़क पर घसीटा। किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

तमाशबीन बने रहे लोग, किसी ने नहीं बचाया 
वायरल वीडियो में साफ है कि किस बेरहमी से महिला व युवक को पीटा जा रहा है। गांव के तमाम महिला-पुरुष खड़े तमाश देख रहे हैं। मारपीट के दौरान महिला को सड़क पर घसीटा भी गया। महिला छोड़ने की गुहार लगाती रही, मगर लोग नहीं माने। महिला के साथ बेरहमी होती देख उसके बच्चे भी बिलखते हुए मां को छोड़ने की गुहार लगाते रहे।

वीडियो वायरल होते ही हुई कार्रवाई, महिला समेत पांच गिरफ्तार 
जनपद के दूरस्थ जुनावई थाना क्षेत्र में महिला की बंधक बनाकर पिटाई का वीडियो गुरुवार को ऐसा वायरल हुआ कि हजारों मोबाइल फोन के साथ ही मीडिया संस्थानों तक जा पहुंचा। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल चार पुरुषों व एक महिला को गिरफ्तार कर लिया।

मारपीट की शिकायत लेकर एक व्यक्ति बुधवार की शाम जुनावई थाने आया था। उसकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इसके बाद गुरुवार को महिला से मारपीट का वीडियो वायरल हुआ। तब आरोपियों की धरपकड़ शुरू की गई। पुलिस ने अब तक चार पुरुषों व एक महिला को गिरफ्तार किया है। इस कृत्य में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -चक्रेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : बाइक की टक्कर से किशोर की मौत, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार