अयोध्या: संदिग्ध परिस्थितियों में मिला स्कूल के पूर्व प्रबंधक का शव, तीन दिन पहले घर से गए थे बाजार
हैदरगंज, अयोध्या/अमृत विचार। जिले के हैदरगंज थाना क्षेत्र के एक स्कूल के पूर्व प्रबंधक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक रियासत के पास स्थित तालाब में पाया गया। शनिवार भोर में मिले पूर्व प्रबंधक के शव को लेकर पुलिस जांच में जुटी है। बताया जाता है कि सुदामा मौर्य पुत्र स्वर्गीय रामफेर मौर्य हैदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बलरामपुर का निवासी थे।
मृतक के पुत्र दिनेश मौर्य के मुताबिक पिता 26 अप्रैल की शाम 4 बजे घर से हैदरगंज बाजार के लिए निकले थे और देर रात घर वापस नहीं लौटे। तब परिजनों ने खोजबीन करना शुरू किया और इसकी तुरंत सूचना थाने की पुलिस को दिया। शनिवार को रोज की भांति मॉर्निंग वॉक पर निकले युवकों ने खपराडीह रियासत के पास स्थित पक्के तालाब में शव उतराता मिला। लोगों की सूचना पर थाना अध्यक्ष फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पहले से गुमशुदगी की रिपोर्ट होने के कारण मृतक के पुत्र को सूचना दी।
पुत्र द्वारा पिता का शव होने की पुष्टि की गई। बताते हैं कि सुदामा मौर्य पहले एक निजी स्कूल संचालित करते थे और उसके प्रबंधक थे। प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद अरशद ने बताया शव कब्जे में लेकर पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी मौत के कारणों की जानकारी नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें:-मुजफ्फरनगर में दलित युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
