बदायूं: ताई के अंतिम संस्कार के बाद स्नान के दौरान पांच डूबे, किशोर समेत तीन भाइयों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांव गढ़िया शाहपुर निवासी अपनी ताई कमला देवी के अंतिम संस्कार में गए थे तीनों भाई

म्याऊं, अमृत विचार। ताई का अंतिम संस्कार करने करने के बाद स्नान के लिए रामगंगा में गए तीन सगे भाई और उनके दो चचेरे भाई गहरे पानी में जाने की वजह से डूब गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। दोनों चचेरे भाई एक-दूसरे का सहारा लेकर बाहर आ गए। तीन सगे भाईयों का पता नहीं चला। पुलिस ने मछुआरे और गोताखोरों को बुलाकर तलाश कराई। तीनों भाइयों को बाहर निकालकर म्याऊं के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। जहां इलाज के तीनों की मौत हो गई।

थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव गढ़िया शाहपुर निवासी ग्रीश चंद्र की पत्नी कमला देवी की शु्क्रवार को बीमारी से मौत हो गई थी। शनिवार को परिजन और सैकड़ों ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए गांव के पास रामगंगा नदी के पास गए। अंतिम संस्कार के बाद दिनेश शर्मा के तीन बेटे भूपेंद्र (19), सोहित (16) और शोभित (14) और उनके चचेरे भाई भोले व सोनू रामगंगा में स्नान करने के लिए गए।

किनारे पर कम पानी था तो सभी लोग रामगंगा में स्नान के लिए थोड़े गहरे पानी की तलाश करने लगे। आगे बढ़ने पर पांचों भाई गहरे पानी में चले गए। सबसे आगे चल रहा शोभित डूबने लगा। चारों भाई उसे बचाने के लिए आगे बढ़े तो वह भी डूबने लगे। पास में ही होने की वजह से भोला व सोनू एक-दूसरे की मदद से बाहर आ गए। लेकिन तीनों सगे भाई रामगंगा में बन रही भंवर में फंसकर डूब गए। किनारे पर मौजूद ग्रामीण चिल्लाने लगे।

ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने मछुआरे और गोताखोरों को बुलाया। सूचना मिलने पर एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार, सीओ करमवीर सिंह और तहसीलदार मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों ने तीनों भाइयों को रामगंगा से बाहर निकाला। उस दौरान तीनों की सांस चल रही थी।

तीनों को म्याऊं के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। एमओआईसी डॉ. सुशांत बनर्जी ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। तीन बेटों की एक साथ मौत पर उनके पिता दिनेश बेसुध होकर जमीन पर गिर गए। परिवार में कोहराम मच गया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।

ताई के अंतिम संस्कार के बाद रामगंगा में स्नान करने के दौरान तीन सगे भाई डूब गए। उन्हें बाहर निकाला तो सांस चल रही थी। तीनों को म्याऊं के पीएससी पर भेजा गया था। जहां इलाज के दौरान तीनों भाइयों की मौत हो गई। जांच कराई जा रही है। रामगंगा में डूबने से मौत स्पष्ट होने पर दैवीय आपदा के अंतर्गत आर्थिक सहयोग दिलाया जाएगा--- धर्मेंद्र कुमार, एसडीएम दातागंज।

ये भी पढे़ं- बदायूं: सपा विधायक और पूर्व जिलाध्यक्ष ने किया फात्मा रजा के कार्यालय का उदघाटन

 

संबंधित समाचार