अयोध्या : भाजपा के सामने हार की हैट्रिक बचाने की चुनौती
अमृत विचार, अयोध्या । गोसाईगंज नगर पंचायत में अध्यक्ष पद का चुनाव एक बार फिर बहुत ही रोमांचक होने जा रहा है। भाजपा अपनी हार की हैट्रिक बचाने के लिए जूझ रही है तो वहीं सपा जीत बरकरार रखने के लिए जुटी हुई है। खास बात यह है कि निर्दल प्रत्याशी भी बड़ा खेल कर सकते हैं। 2012 में निर्दल प्रत्याशी ने ही सबसे पहले भाजपा के अजेय रथ को रोक दिया था। गोसाईगंज नगर पंचायत आजादी से पूर्व 1939 में आबाद हुई थी। यह नगर पंचायत हमेशा से जनसंघ/भाजपा का गढ़ रही। यहां 1996 में तत्कालीन चेयरमैन सुभाषचन्द्र जायसवाल की हत्या के बाद हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी तारादेवी जायसवाल निर्विरोध चुनी गई थीं।
भाजपा के इस अभेद्य किले को भाजपा के ही कद्दावर नेता रमेशचन्द्र कसौधन ने 2012 के चुनाव में बागी होकर निर्दल प्रत्याशी के रूप में ढहा दिया था। उसके बाद 2017 में रमेशचन्द्र कसौधन ने सपा के झंडे तले पहली बार सपा को जीत दिलाई। मजेदार बात यह कि दोनों चुनाव में हमेशा अपना परचम लहराने वाली भाजपा तीसरे स्थान पर रही। नगर पंचायत में कुल 12वार्ड है। जिसमें कुल मतदाताओं की संख्या 11157 है। महिला मतदाता 5253 व पुरुष मतदाता 5904 है। अबकी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से डा विजयलक्ष्मी जायसवाल,सपा से मायादेवी, कांग्रेस से शमां परवीन, बसपा से सुशीला सैनी व निर्दल प्रत्याशी के रूप में मीरा सोनी व जानकी जायसवाल मैदान में है।
भाजपा ने सभी 12 वार्डो में अपने प्रत्याशी उतारे हैं। कांग्रेस ने 10, सपा ने 11, बसपा ने 2 और आम आदमी ने एक प्रत्याशी ही उतारा है। 12 वार्डो में 19 निर्दल प्रत्याशी भी खड़े है। यहां भाजपा को अपनी खोई हुई प्रतिस्ठा को पाने के लिए कड़ी मशक्कत करना होगा तो वहीं सपा को अपना लय बरकरार रखने के लिए पूरे दमखम के साथ मेहनत करना पड़ेगा।
2017 का चुनाव परिणाम
सपा -रमेश चन्द्र - 2202 जीते
निर्दल- मो वैश - 2121
भाजपा- प्रदीप - 2000
बसपा-शोयब अंसारी -121
कुल वार्ड-12
कुल मतदान केंद्र-3
कुल मतदान स्थल-12
कुल मतदाता-11157
पुरुष मतदाता-5904
महिला मतदाता-5253
ये भी पढ़ें - बाराबंकी : संदिग्ध हालत में फांसी के फंदे से लटकते मिले दो युवकों के शव
