Auraiya Murder : घर के बाहर सो रहे अधेड़ की ईट से चेहरा कुचलकर बेरहमी से हत्या, जमीनी रंजिश में वारदात का शक
औरैया में अधेड़ की हत्या से फैली सनसनी।
औरैया के बिधूना कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने ईट से चेहरा कुचलकर अधेड़ की बेरहमी से हत्य कर दी। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक चारू निगम घटनास्थल पर पहुंची।
औरैया, अमृत विचार। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव भारत अड्डा में सोते समय अधेड़ की बदमाशों ने ईट से चेहरा कुचलकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने जमीनी रंजिश में हत्या करने की आशंका जताई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
कुदरकोट थाना क्षेत्र के गांव मुर्रा निवासी संतोष यादव (55) पुत्र बारे लाल का गांव में ही परिवार के साथ करीब 20 वर्ष से जमीनी विवाद चल रहा था। जिसमें झगड़ा भी हुआ था। जिसके चलते वह अपना गांव छोड़कर कोतवाली बिधूना क्षेत्र की ग्राम पंचायत रठगांव के मजरा भारत अड्डा में अपनी मौसी कमला देवी के यहां रहने लगा और भारत अड्डा में ग्राम समाज की भूमि पर एक खोखा में परचून आदि का सामान रखकर बेंचने के साथ बकरी पालकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।
संतोष रात्रि में खोखा के पास चारपाई में मच्छरदानी लगाकर सोया हुआ था। शनिवार सुबह युवक जब दुकान से सामान लेने आया, तब उसने खून से लथपथ शव देख परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी होते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर परिजनों जानकारी की। पुलिस अधीक्षक चारू निगम भी मौके पर पहुंची।
मृतक की दो बेटियां व एक बेटा पुष्पेन्द्र है। मृतक ने बीती शाम करीब 8 बजे अपने बेटी रेखा से फोन पर बातचीत की थी। बेटे पुष्पेन्द्र ने बताया कि वह लोग मुर्रा गांव के रहने वाले है। जहां पर उसका गांव के ही रवी, मुन्ना सिंह व विक्रम सिंह से जमीनी विवाद चल रहा था। जिस कारण उसके पिता बहुत डर कर खेती करने जाते थे। कोतवाली पुलिस ने दिवंगत पिता के पुत्र की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने वारदात के जल्द खुलासे का परिजनों को आश्वासन दिया।
