बरेली: 13 दिन बाद चुनाव...15 हजार शस्त्र नहीं हो सके जमा, प्रक्रिया सुस्त
निकाय क्षेत्र की 10 किमी परिधि के लाइसेंस धारकों को जमा करने हैं शस्त्र
बरेली, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव में लाइसेंसी शस्त्रों को जमा कराने की रफ्तार काफी सुस्त है। अभी तक सिर्फ पांच हजार शस्त्र ही जमा हो सके हैं। मतदान के लिए लिए 13 दिन बचे हैं, लेकिन अभी 15 हजार शस्त्र जमा नहीं हो सके हैं। ऐसे में समझा जा सकता है कि जिम्मेदार शस्त्रों को जमा कराने में कितने गंभीर हैं।
जिले में 11 मई को मतदान होगा। चुनाव आयोग ने निकाय क्षेत्र की 10 किमी की परिधि में रहने वाले लाइसेंस धारकों के शस्त्रों को जमा कराने के आदेश दिए हैं। आयोग के आदेश का पालन कराने के लिए एडीएम सिटी डॉ. आरडी पांडेय, एसपी सिटी राहुल भाटी ने संबंधित सर्किल के जिम्मेदारों को जल्द से जल्द शस्त्र जमा कराने के आदेश दिए लेकिन अब तक नगर निगम से लेकर सभी निकाय क्षेत्रों के लाइसेंस धारकों से महज पांच हजार शस्त्र ही जमा कराए जा सके हैं। जबकि यह प्रक्रिया काफी समय से चल रही है।
आंकड़ों के अनुसार, करीब 20 हजार ऐसे शस्त्र हैं, जो जमा होने हैं। नगर मजिस्ट्रेट रेनू सिंह ने बताया कि 20 हजार शस्त्र निकाय चुनाव में जमा होने हैं। निकाय क्षेत्र की 10 किमी की सीमा में आने वाले लाइसेंस धारकों को अपने शस्त्रों को चुनाव से पहले जमा करना होगा। बताया कि इसके लिए कार्रवाई चल रही है। जिम्मेदारों को इस प्रक्रिया में तेजी लाने के आदेश दिए जा चुके हैं। पांच हजार के करीब शस्त्र जमा हो चुके हैं। बाकी भी जल्द ही जमा हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें- बरेली: बच्चों पर न थोपें अपने मन की बात, उनके अनुसार करने दें विषय का चयन
