Kanpur: आवारा जानवर लोगों की जान पर पड़ रहे भारी, सड़क पर सांडों की लड़ाई, चपेट में आकर युवक की मौत
कानपुर में सांड़ों की लड़ाई में युवक और एक साड़ की मौत।
कानपुर के काकादेव थानाक्षेत्र में साड़ों की लड़ाई में युवक की मौत हो गई। युवक के ऊपर गिरने के बाद घायल एक सांड ने भी दम तोड़ दिया। काकादेव पुलिस ने घटनास्थल के पास सीसीटीवी फुटेज देखे।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में आवारा जानवर अब लोगों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। नगर निगम लाख दावे आवारा पशुओं को पकड़कर गो आश्रय स्थल पहुंचाने के कर ले लेकिन हकीकत में कार्रवाई केवल कागजों में हो रही है। शनिवार तड़के दो साड़ों की लड़ाई की चपेट में आने से एक ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। रिक्शा चालक पर साड़ के गिरने के कुछ देर बाद लड़ाई में घायल सांड़ ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम भेजने के साथ परिजनों को घटना की जानकारी दी।
मूलरूप से बहराइच के रायपुर गांव निवासी विमल कुमार उर्फ राजेश मिश्रा (40) कानपुर में ई रिक्शा चलाता था। रोज की तरह शुक्रवार रात वह काकादेव के ओम चौराहे पर ही ई रिक्शे के पास फुटपाथ पर सो रहा था। सुबह उसके पास एक सांड़ भी मरा पड़ा था। लोगों ने जब राजेश को उठाने की कोशिश की तो पता चला कि वह मर चुका है। लोगों को जहर देकर राजेश और सांड़ को मारने की बात कहते हुए पुलिस को सूचना दे दी।
हालांकि पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि तड़के करीब तीन बजे दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे। इसी दौरान एक सांड़ पहले राजेश के ऊपर गिर गया थोड़ी ही देर में राजेश की मौत हो गई। वहीं, थोड़ी देर बाद लड़ाई में घायल सांड़ ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विमल कु्मार के परिजनों को जैसे ही पुलिस ने मौत की सूचना दी, तो परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद छोटा भाई ननकऊ शहर के लिए निकल पड़ा। परिजनों के अनुसार पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। घटना के बाद विमल के बच्चे सुशांत, छाया व तपस्या का रो-रोकर बुरा हाल है।
काकादेव पुलिस के अनुसार सुबह शव मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने सांड और युवक की मौत को दूसरा तूल देने की कोशिश की लेकिन सीसीटीवी के फुटेज में सभी स्थिति साफ हो गई। इसके बाद लोगों की भीड़ वहां से हट सकी।
पुलिस ने युवक की थी तलाश
काकादेव पुलिस के अनुसार कुछ समय पहले विमल कुमार उर्फ राजेश मिश्रा ने दूसरे के ई-रिक्शे में चाबी लगाने के बाद उसे तीन दिन तक चलाया था। इस दौरान ई-रिक्शा मालिक ने रिक्शे के चोरी होने की सूचना थाने में आकर दी थी। लेकिन बाद में विमल ने ई-रिक्शे को उसी स्थान पर जाकर सुरक्षित खड़ा कर दिया था। सीसीटीवी के फुटेज से यह मामला खुल सका था।
