JEE Main Result 2023: जेईई मेन में छाए शहर के होनहार, सोशल मीडिया से बनाई थी दूरी, अब एडवांस्ड की तैयारी में जुटे
JEE Main Result 2023 जेईई मेन में छाए कानपुर के होनहार।
JEE Main Result 2023 नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित हुए। जेईई मेन में कानपुर के होनहार छाए। माता-पिता ने आशीर्वाद दिया। अब जेईई एडवांस्ड की तैयारियों में जुटे।
कानपुर, अमृत विचार। JEE Main Result 2023 जेईई मेन में शहर के होनहार छाए रहे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से शनिवार को प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित हो गए। डीपीएस कल्याणपुर के छात्र कुमार कार्तिकेय राज और तिलक नगर के प्रणव मालपानी के 99.94 पर्सेंटाइल आए हैं।
वहीं एनआरआई सिटी में रहने वाले प्रांशु अग्रवाल ने 99.89 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं। आवास विकास केशवपुरम के आदर्श झा के 99.76 और आनंदपुरी के माधव गोयल को 99.29 पर्सेंटाइल आए हैं। मेधावियों की कामयाबी पर माता-पिता और शिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। अब वह जेईई एंडवांस्ड की तैयारियों में जुट गए हैं।
कंप्यूटर साइंस से करेंगे बीटेक
जालौन के पिरौना के रहने वाले कार्तिकेय आईआईटी कानपुर या आईआईटी बांबे से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग करना चाहते हैं। उनके पिता राजेंद्र कुमार यादव किसान और मां संगीता यादव सरकारी शिक्षिका हैं। कार्तिकेय नौवीं कक्षा से कल्याणपुर में किराये में कमरा लेकर पढ़ाई कर रहे हैं। उन्हें यह सफलता पहले ही प्रयास में मिली है। उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। केवल जानकारी के लिए इंटरनेट का इस्तेमाल किया।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने है सपना
तिलक नगर निवासी प्रणव आईआईटी बांबे से बीटेक कर सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं। उन्होंने कोचिंग के साथ ही सेल्फ स्टडी पर फोकस किया। पिता पिता चेतन मालपानी कारोबारी और मां भारती हाउस वाइफ हैं। प्रणव सेठ आनंदराम जयपुरिया के 12वीं के छात्र हैं। उन्होंने जेईई एडवांस्ड की तैयारी शुरू कर दी है। अपनी सफलता के पीछे लगातार पढ़ाई को देते हैं।
इंजीनियरिंग के बाद करेंगे स्टार्टअप
हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल से 12 की परीक्षा देने वाले प्रांशु अग्रवाल आईआईटी बांबे या कानपुर से कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग कर स्टार्टअप करेंगे। उनका ध्यान जेईई एडवांस्ड की ओर है। प्रांशु के पिता डॉ. विशाल अग्रवाल अस्थि रोग विशेषज्ञ और मां डॉ. रेखा अग्रवाल स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ हैं। वह एनआरआई सिटी में रहते हैं।
पहले प्रयास में मिली कामयाबी
आवास विकास केशवरपुरम निवासी आदर्श झा को पहले प्रयास में सफलता मिली है। अभी उनका 12वीं का परिणाम आना बाकी है। पिता कर्नल जगन्नाथ झा बिहार में तैनात हैं, जबकि मां माला गृहिणी हैं। वह आईआईटी से कंप्यूटर साइंस से बीटेक करना चाहते हैं।
भाई की तरह इंजीनियर बनेंगे
आनंदपुरी निवासी माधव गोयल माता-पिता के अलावा भाई को अपना आदर्श मानते हैं। उनके भाई आईआईटी से इंजीनियरिंग कर रहे हैं। पिता सर्वेश गोयल दवा के थोक व्यापारी और मां मृदुला गृहिणी हैं। माधव कोचिंग के साथ ही घर पर कड़ी मेहनत करते हैं। उनके मुताबिक पढ़ाई का कोई शार्ट कट नहीं होता है।
एनएलके की छात्राओं को मिली कामयाबी
नंदलाल खन्ना विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने जेईई मेन में शानदार प्रदर्शन किया है। उनका चयन जेईई एडवांस्ड के लिए हुआ है। इसमें आर्या तिवारी, आकृति वर्मा और सौम्यदीप्ता गौतम शामिल है। स्कूल के अधिकारियों और परिजनों ने छात्राओं को शुभकामनाएं दी हैं। तीनों जेईई एडवांस्ड की तैयारियों में जुट गई हैं।
