UP Nikay Chunav 2023 : Unnao में बागियों पर BJP का चला हंटर, छह को पार्टी से किया निष्कासित, जानें- वजह
उन्नाव में बीजेपी ने छह को पार्टी से निष्कासित किया।
उन्नाव में बागियों पर बीजेपी का हंटर चला। बीजेपी ने छह को पार्टी से निष्कासित कर दिया। चुनाव में खुद या पत्नी को अधिकृत प्रत्याशी के विरोध में चुनाव लड़ाने वालों पर भाजपा ने कार्रवाई की।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में निकाय चुनाव में खुद या पत्नी को अधिकृत प्रत्याशी के विरोध में चुनाव लड़ाने वालों पर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व खफा है। समझाने-बुझाने के बाद भी बागियों के न मानने पर जिला मंत्री, किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, दो महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष सहित छह लोगों को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखाया है। भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार ने प्रदेश नेतृत्व से मिली स्वीकृति के बाद कार्रवाई की है।
बांगरमऊ में भाजपा के अधिकृत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के सामने चुनाव लड़ रहे जिला मंत्री रामजी गुप्ता को पार्टी ने निष्कासित किया है। किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सौरभ बाजपेई की पत्नी भी सफीपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव टिकट न मिलने के बाद निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ रही हैं। पार्टी ने सौरभ को भी छह वर्ष के लिए बाहर किया है।
वहीं, सफीपुर की महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष कंचन गुप्ता भी सफीपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी हैं। इसी तरह बदरका मंडल की महिला मोर्चा अध्यक्ष राजरानी लोधी भी अचलगंज नगर पंचायत में अधिकृत प्रत्याशी के सामने चुनाव लड़ रही हैं। दोनो महिला नेत्रियों को पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
गंगाघाट नगर पालिका में अपनी पत्नी को अध्यक्ष का चुनाव लड़ा रहे एनजीओ प्रकोष्ठ के सह संयोजक संदीप पाण्डेय भी भाजपा से बाहर किए गए हैं। वहीं, नबाबगंज नगर पंचायत के निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप लश्करी का टिकट भाजपा ने काट दिया था। जिसके बाद वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर पार्टी के प्रत्याशी को कड़ी चुनौती दे रहे हैं। दिलीप अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री भी हैं। पार्टी ने उन्हें भी निष्कासित किया है।
भीतरघात करने वालों पर भी हो सकती कार्रवाई
भाजपा निकाय चुनाव को लोकसभा का सेमीफाइनल मान रही है। ऐसे में इस चुनाव में ज्यादातर सीट जीतने की राह में कई जगह अपने ही रोड़ा बने हुए हैं। पार्टी ऐसे भीतरघातियों पर भी नजर रख रही है। सूत्र बताते हैं कि पार्टी ऐसे लोगों को चिन्हित कर चुनाव बाद कार्रवाई कर सकती है।
