मुरादाबाद: महापौर प्रत्याशी को जिताकर बनाएं ट्रिपल इंजन की सरकार- भूपेंद्र सिंह
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नगर निकाय चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों को दिए निर्देश
मुरादाबाद, अमृत विचार। दिल्ली रोड स्थित राही होटल में रविवार रात भाजपा चुनाव संचालन समिति व महानगर इकाई की बैठक संपन्न हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की होने वाली चुनावी जनसभा की तैयारियों की समीक्षा की। संचालन समिति से अलग-अलग बिंदुओं पर जानकारी एकत्रित की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महापौर की सीट पर हमें हैट्रिक लगानी है और पार्टी सिंबल पर नगर निगम के 65 वार्डों में चुनाव लड़ रहे पार्षद प्रत्याशियों के चुनाव में भी पूरी ताकत से जुटना है। हर बूथ पर भाजपा का कमल खिले इसके लिए हमें अपना बूथ सबसे मजबूत की नीति पर काम करना हैं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश की सरकार सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास पर काम कर रही हैं। डबल इंजन की सरकार ने जनता की आशाओं पर खरा उतरते हुए विकास कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा महापौर प्रत्याशी और सभी पार्टी अधिकृत पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनाना हैं। बैठक में प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य सतपाल सैनी, महानगर प्रभारी व पूर्व प्रदेश मंत्री वाईपी सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, नगर विधायक रितेश गुप्ता, एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, गिरीश वर्मा, डा.केके मिश्रा, श्याम बिहारी शर्मा मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री के साथ सुनी मन की बात
मुरादाबाद। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम रामगंगा विहार स्थित बैंकट हाल में आयोजित हुआ। जिसमें प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद के साथ भाजपा प्रत्याशी विनोद अग्रवाल समेत अन्य भाजपाइयों ने मन की बात कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर महानगर प्रभारी व पूर्व प्रदेश मंत्री वाईपी सिंह, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, महानगर मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता, राहुल सेठी, निमित जायसवाल शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: अस्पताल में प्रसूता पत्नी से की मारपीट, रिपोर्ट दर्ज
