Nikay Chunav 2023 : 'नो कर्फ्यू नो दंगा, यूपी में सब चंगा', मुरादाबाद में सीएम योगी ने जनसभा को किया संबोधित

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

मुरादाबाद में बोले मुख्यमंत्री, आज अपराधी सीना तानकर नहीं गले में कानून का पट्टा लटकाकर चल रहा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद के रामलीला मैदान लाइनपार में महापौर और अन्य निकायों के प्रत्याशियों के लिए मांगा वोट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी बोले- पार्टी ट्रिपल इंजन सरकार की संकल्पना के लिए काम कर रहे हैं इसलिए निकाय चुनाव में बड़ी जीत जरूरी

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपराधियों की बपौती नहीं है। आज नो कर्फ्यू, नो दंगा यूपी में सब चंगा है। प्रदेश में अपराधी अब गले में कानून का पट्टा डालकर चल रहे हैं। मुरादाबाद में विकास के लिए सरकार बड़े काम कर रही है।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मुरादाबाद के लाइनपार रामलीला मैदान में पार्टी के नगर निगम के महापौर प्रत्याशी विनोद अग्रवाल और अन्य निकायों के अध्यक्ष, पार्षद और वार्ड सदस्यों के लिए जनसभा को संबोधित कर समर्थन मांग रहे थे। 

खराब मौसम के बीच जनसभा के मंच पर 1.40 घंटे विलंब से पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि पीतलनगरी की जनता का स्नेह है कि खराब मौसम के बावजूद आपके बीच आने का अवसर मिला है।  प्रदेश में अपराधियों के सफाया की चर्चा कर उन्होंने कहा कि  अब दंगे नहीं दीपोत्सव, होलिकोत्सव और अन्य उत्सव मनाए जा रहे हैं। यह सारे कार्य डबल इंजन सरकार ने ने किया है अब ट्रिपल इंजन की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों में अपराधीकरण, भाई भतीजा परिवारवाद पर तंज कसते हुए समाजवादी पार्टी, बसपा और कांग्रेस व उनके शीर्ष नेताओं पर निशाना साधा। कहा कि अब प्रदेश किसी की बपौती नहीं है, न बुआ बबुआ और न भाई बहन की जोड़ी यहां है। केवल विकास की बात हो रही है। जब उन्होंने नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा कहा तो भीड़ ने करतल ध्वनि से इसका समर्थन किया। 

उन्होंने भीड़ की नब्ज पर हाथ रखते हुए भारत माता की जय, वंदे मातरम से संबोधन की शुरुआत कर मुरादाबाद की धार्मिक, पौराणिक औद्योगिक परंपरा को आगे रखा। रामगंगा नदी और काली माता मंदिर को नमन कर संबोधन को बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पीतलनगरी देश की एक्सपोर्ट नगरी और स्मार्ट सिटी बन गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के बारे में दुनिया के बदलते संकल्प को देखा जा रहा है। दुनिया के लोग संकटमोचक के रुप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देखते हैं।इसका लाभ देश के 140 करोड़ लोगों को मिलता है। देश ने नौ साल में अभूतपूर्व विकास किया है। रेलवे, मेट्रो आज विश्व में डंका बजा रहे हैं।

उन्होंने विपक्ष खासकर कांग्रेस के देश में शासनकाल पर निशाना साधा। कहा उतना कार्य 50-60 साल में नहीं हुआ जितना नौ साल में मोदी सरकार ने किया। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 54 लाख गरीबों को प्रदेश सरकार ने आवास योजना में घर दिया है। एक लाख 21 हजार घरों में बिजली, दस करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ 15 करोड़ लोगों को प्रदेश में कोरोना काल से मुफ्त राशन दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने तुष्टीकरण नहीं किया। योजनाओं के माध्यम से सबका विकास किया गया।  मुरादाबाद में कोयले की भट्टियों की जगह पीएनजी कनेक्शन दिया गया। उन्होंने मुरादाबाद के शिल्पकार दिलशाद हुसैन के सम्मान मुरादाबाद ही नहीं पूरे देश का सम्मान बताया। 

मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी मिशन की योजनाओं को गिनाया बताया कि यहां की 1506 करोड़ रुपये की परियोजना चल रही है। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद के लिए सरकार ने हर विकास काम किया। मुरादाबाद में 17900 निराश्रित महिलाओं को 12,000 रुपये सालाना पेंशन मिल रहा है। उन्होंने कान्हा उपवन सहित कई कार्य गिनाए। मुख्यमंत्री ने 2017 के पहले प्रदेश में अपराधीकरण की चर्चा कर सपा बसपा सरकारों पर निशाना साधा। कहा कि अब युवाओं के हाथ में तमंचा नहीं टैबलेट्स है। दो करोड़ युवाओं को प्रदेश सरकार के कार्यकाल में टैबलेट दिया गया है। युवा तकनीक आधारित कार्य कर रहे हैं। एक करोड़ बेरोजगार युवकों को सरकार ने नौकरी दिया है। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी ने जिले की सभी 11 निकायों में महापौर और अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनहित के हर क्षेत्र में विकास कार्य किया है। इसकी  चर्चा देश ही नहीं विदेशों में भी ह़ो रही है। पार्टी ट्रिपल इंजन सरकार की संकल्पना के लिए काम कर रहे हैं इसलिए निकाय चुनाव में बड़ी जीत जरूरी है। महापौर प्रत्याशी विनोद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री सहित अन्य पदाधिकारियों का स्वागत कर अपने कार्यकाल में किए गए कार्य को गिनाया। 

जनसभा को जिले के प्रभारी व प्रदेश सरकार में लोकनिर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद,  प्रदेश उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, विधान परिषद सदस्य सतपाल सैनी, डा. जयपाल सिंह व्यस्त, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शेफाली सिंह, नगर विधायक रितेश कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान आदि ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने मंच से महापौर सहित नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों को एक अपने साथ खड़ा कर मतदाताओं से सभी को बड़ी और रिकॉर्ड जीत का आशीर्वाद मांगा।

शेर आया, शेर आया से स्वागत
मुख्यमंत्री के मंच पर आते ही संचालन कर रहे गिरीश वर्मा ने नारा दिया कि देखो देखो कौन आया तो जन प्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शेर आया, शेर आया की आवाज बुलंद कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया।

 

ये भी पढ़ें :  Nikay Chunav 2023 : मेयर को लेकर भाजपाई घर-घर, कांग्रेसी मेहनत का चढ़ा रंग, सपा की आंतरिक कलह सड़क पर आई

संबंधित समाचार