Fatehpur Murder : बदमाशों ने घर में घुसकर महिला को उतारा मौत के घाट, खून से लथपथ शव देख परिजनों के उड़े होश
फतेहपुर में महिला की हत्या से इलाके में फैली सनसनी।
फतेहपुर में बदमाशों ने घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस व फोरेंसिंक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए।
फतेहपुर, अमृत विचार। नगर के जीटी रोड सुपर मार्केट स्थित आवास पर बदमाशों ने घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार दोपहर दूधिये ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
जीटी रोड सुपर मार्केट निवासी स्वर्गीय कामरेड मुकुंदी लाल गुप्ता के पुत्र मनोज गुप्ता की दो साल पहले मौत हो गई है। मृतक मनोज गुप्ता की पत्नी 40 वर्षीय हेमू गुप्ता अपनी सास शांति देवी व पांच वर्षीय पुत्र पार्थ गुप्ता के साथ घर पर रहती थी। सास तीन दिन पहले अपनी पुत्री के घर गई थी। बीती रात घर पर हेमू गुप्ता और उनका पांच वर्षीय पुत्र था। रात में घर में घुसे बदमाशों ने महिला के सिर पर प्रहार कर हत्या कर दिया।
जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दिन में घर का दरवाजा बंद था। आस-पड़ोस के लोगों को घटना की भनक तक नहीं लगी। दोपहर को जब एक बजे करीब चितौली गांव के रहने वाले दूधिया गुलाब अंदर गए तो हेमू के सिर से खून निकलता देख वह वापस लौट आये। जबकि पांच वर्षीय पुत्र पार्थ एक किनारे बैठा सिसक रहा था। दूधिया ने बाहर निकलकर लोगों को घटना की जानकारी दी। मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई।
स्थानीय लोगों ने कोतवाली प्रभारी अरुण चतुर्वेदी को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतका के घर पर पांच वर्षीय बच्चे के अलावा और कोई नहीं हैं। मृतका की सास, दोनों बेटियां ताशू और तरम्या बाहर हैं। फोरेंसिंक टीम को मौके पर बुलाया गया है। घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
