बरेली : 20 से होगी स्नातक और परास्नातक की मुख्य परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

13 जून तक स्नातक और 11 जुलाई तक चलेंगी परास्नातक की परीक्षाएं

बरेली, अमृत विचार।  एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक और परास्नातक की मुख्य परीक्षा का प्रस्तावित शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षाएं 20 मई से शुरू होंगी। परास्नातक की परीक्षाएं करीब एक महीने और स्नातक की परीक्षाएं दो माह चलेंगी। अभी मुख्य परीक्षा के फार्म भरे जा रहे हैं और ऑनलाइन फार्म भरने की अंतिम तिथि 5 मई है। विश्वविद्यालय मुख्य परीक्षा के साथ स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर और बीएड, एमएड और अन्य पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं भी करा सकता है। इनके भी परीक्षा फार्म भराए जा रहे हैं।

परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के मुताबिक स्नातक (बीए, बीकॉम और बीएससी) और परास्नातक (एमए, एमकॉम और एमएससी) की परीक्षाएं तीन पालियों में सुबह 7 से 10, 11 से 2 और दोपहर 3 से 6 बजे होंगी। स्नातक की परीक्षाएं 11 जुलाई को समाप्त होंगी। वहीं परास्नातक की परीक्षाएं 13 जून तक होंगी। विश्वविद्यालय परीक्षा फार्म भरने के बाद परीक्षा केंद्र निर्धारित करेगा। व्यक्तिगत छात्रों के पहले ही 46 परीक्षा केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं, जिनमें बरेली में नौ केंद्र बनाए गए हैं।

स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म अब 7 तक भरे जाएंगे
वहीं, एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर सत्र 2022-23 के परीक्षा फार्म भरने की तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र 7 मई तक ऑनलाइन परीक्षा फार्म भर सकेंगे। परीक्षा फार्म 17 अप्रैल से भरे जा रहे हैं और अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित थी लेकिन करीब 11 हजार छात्र फार्म नहीं भर सके थे।

परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के मुताबिक विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में नई शिक्षा नीति के तहत आच्छादित एमए, एमकॉम और एमएससी प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म 1 मई से दोबारा उपलब्ध होंगे। छात्र 7 मई तक ऑनलाइन फार्म भर सकेंगे और 8 मई तक भरे हुए फार्म महाविद्यालय में जमा करने होंगे। महाविद्यालयों को 10 मई तक भरे हुए फार्म ऑनलाइन सत्यापित करने होंगे।

ये भी पढ़ें- बरेली : डॉक्टरों की डिनर पार्टी में उमेश गौतम को समर्थन का ऐलान

संबंधित समाचार