Unnao: ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत, पत्नी बोली- तीन दिन पहले ड्यूटी पर गए, फिर आई मौत की खबर ने झकझोर दिया
उन्नाव में ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत।
उन्नाव में ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी बोली तीन पहले वह ड्यूटी पर गए थे। तब से ही वापस नहीं लौटे थे।
उन्नाव, अमृत विचार। दही थानाक्षेत्र में लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग में एक युवक की अपलाइन से जा रही ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। लोको पायलट की सूचना के बाद जीआरपी व आरपीएफ के साथ दही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की शिनाख्त होने पर परिजनों को जानकारी दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
लखनऊ-कानपुर रेल मार्ग पर दही थानांतर्गत टीकरगढ़ी गांव खंभा नंबर-50/25 और 50/27 के बीच सोमवार सुबह अपलाइन पर युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त सदर कोतवाली क्षेत्र के हुसैन नगर मोहल्ला निवासी विष्णु (30) रामदत्त साहू के रूप में हुई। हमसफर एक्सप्रेस के लोको पायलट ने शव देख स्टेशन मास्टर को सूचना दी। एसएम के मेमो पर आरपीएफ, जीआरपी, एसओ दही राघवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। तलाशी में मृतक की जेब से पैनाल्टी रेल टिकट भी मिला है।
मोबाइल नंबर के जरिए पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें जानकारी दी। विष्णु की मौत की सूचना पर पहुंचे भाई अवधेश ने उसकी शिनाख्त की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतक की पत्नी रोशनी ने बताया कि बीते शुक्रवार सुबह गहिरा ड्यूटी जाने की बात कह कर निकले थे। उसके बाद करीब 11 बजे एक युवक दरवाजे पर उसकी बाइक खड़ी कर चला गया। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद था।
मृतक पांच भाईयों अशोक, अवधेश, विमलेश व प्रवेश में छोटा था। घटना से उसकी तीन साल की बेटी वैष्णवी के सिर से पिता का साया छिन गया। मौत की सूचना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
