वोट विचार विद अमृत विचार: संजय वन में आयोजित कार्यक्रम में बोले मतदाता- भोकाल जमाने वाला नहीं, काम वाला चाहिए मेयर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के किदवई नगर के संजय वन में आयोजित हुआ वोट विचार विद अमृत विचार कार्यक्रम।

कानपुर के किदवई नगर के संजय वन में वोट विचार विद अमृत विचार कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मतदाताओं ने कहा कि भोकाल जमाने वाला नहीं, काम वाला मेयर चाहिए।

कानपुर, अमृत विचार। प्रत्याशी वोट मांगने पैदल आते हैं और फिर जीतने के बाद स्कॉर्पियो पर काले शीशे चढ़ाकर घूमते हैं। हमें भोकाल जमाने वाला नहीं, बल्कि काम करने वाला मेयर और पार्षद चाहिए। कुछ ऐसे ही विचार सोमवार को किदवई नगर के संजय वन में आयोजित ‘वोट विचार विद अमृत विचार’ कार्यक्रम में लोगों ने रखे। कार्यक्रम में ‘मॉर्निंग वॉकर’ की खासी भीड़ थी। लोगों ने एक के बाद एक अपने क्षेत्र के मुद्दे और समस्याएं बताईं। इस दौरान लोगों ने अमृत विचार के ‘सरोकार’ की सराहना भी की। 

अमृत विचार की टीम सोमवार सुबह ठीक 8 बजे संजय वन पहुंची। टीम को देखते ही लोगों में उत्साह दिखा और लोग जुटते गए। यहां मौजूद महेंद्र तिवारी ने कहा कि चुनाव से पहले सीटों का जो आरक्षण होता है, यह सबसे गंदी राजनीति है। गरीब और अमीर के बीच आरक्षण तो कर सकते हैं, लेकिन जातिगत आरक्षण सही नहीं है।

मधु दुबे बोलीं, शहर में महिला टॉयलेट की बड़ी समस्या है। महिलाएं घर से बाहर निकलती हैं तो कहीं मुफीद जगह नजर नहीं आती। अभिषेक बोले, इस चुनाव में दल का कोई महत्व नहीं, यह क्षेत्रीय चुनाव है। 

मॉर्निंग वॉक पर निकलीं गोपिका अग्रवाल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि सफाई एक बड़ी समस्या है, जिस पर कारगर कदम उठाने की जरूरत है। बिंदा कुमार साहू ने कहा कि मुक्त का जो राशन बांटा जा रहा है, यह बहुत गलत है। इससे देश की बर्बादी की ओर चला जाएगा। डॉ. वीके साहू ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति बहुत खराब है। इस बार चुनाव में स्थानीय मुद्दे हावी होने वाले हैं और हमारा वोट विकास के नाम पर जाएगा।

जीतने के बाद ठेकेदारी करने लगता पार्षद

किदवई नगर में अतिक्रमण की बड़ी समस्या है। बाजार के फुटपाथ पर कब्जा है। पार्षद को हमारी बात सुनने वाला होना चाहिए। जीतने के बाद आते नहीं हैं। ठेकेदारी करने लगते हैं।- डॉ. हिमांशु साह, वार्ड 100, किदवई नगर उत्तरी

जीतने के बाद मेयर मेरे क्षेत्र में नहीं आईं

मेरे क्षेत्र में नाली, सड़क और प्रदूषण की समस्या है। पहले 20 साल में कुछ नहीं हुआ था। पिछली बार जो पार्षद जीता, उसने तो कुछ कार्य कराए भी हैं। मेयर जीतने के बाद कभी क्षेत्र में नहीं आईं।- सुनील मिश्रा, वार्ड 92, किदवई नगर दक्षिणी

आवारा कुत्ते और बंदरों से परेशान लोग

आवारा कुत्ते और बंदर से लोग परेशान हैं। पार्क का विकास नहीं हुआ है। नाले से सिल्ट निकालकर सड़क पर डाल देते हैं, लेकिन उठाने वाले नहीं आते हैं। मेरे वार्ड का पार्षद तो आसानी से मिल जाता है।- मधु दुबे, वार्ड 100, किदवई नगर उत्तरी

सड़क पर पड़ा रहता है गोबर का ढेर

घर के सामने पार्क हैं, जहां पूरी तरह से कब्जा है। पूरे क्षेत्र में कई चट्टा हैं। सड़क पर ही गोबर का ढेर लग रहा है। वार्ड में सीवर की भी बड़ी समस्या है। कूड़े की वजह से निकलना दूभर है।- रानी देवी, बारादेवी

स्ट्रीट लाइट नहीं, अंधेरे का फायदा उठाते हैं चोर

हमारे क्षेत्र में मार्ग प्रकाश की बड़ी समस्या है। दूर-दूर लाइटें लगी हैं। कई मोहल्लों में अंधेरा रहता है, जिसका फायदा उठाकर चोर चोरी करते हैं। पार्कों में पौधरोपण और पानी की समस्या है।- किरन सिंह, वार्ड 83, दलेलपुरवा

सड़कें बनाने में होता बड़ा खेल

पूरे शहर में मानक के विपरीत सड़कें बनी हैं, जिसकी वजह से हादसे होते हैं। पिछले दिनों मेरे और मेरी पत्नी को भी मार्ग दुर्घटना में चोट लगी। ठेकेदार सड़क बनाने में 50 फीसदी बंदरबांट करते हैं।- हिमांशु पाल, वार्ड 14, सब्जी मंडी किदवई नगर

चार साल में बदलेगी कानपुर की तस्वीर

ऐसा नहीं है कि कार्य नहीं हो रहे हैं। मेट्रो का निर्माण तेजी से हो रहा है। स्मार्ट सिटी के तहत भी शहर को डेवलप किया जा रहा है। मुझे लगता है कि चार साल में शहर की तस्वीर बदल जाएगी।- डॉ. वीके साहू, वार्ड 100, किदवई नगर उत्तरी

शहर में सफाई की बड़ी समस्या है

कानपुर में सफाई एक बड़ी समस्या है। जैना पैलेस के पास कूड़ा फैला रहता है। महीनों हो जाती है, सफाई नहीं होती है। क्षेत्र का पार्षद तो ठीक है। वह कार्य कराता है, लेकिन सफाई को लेकर लोग भी जागरूक नहीं हैं।- वीना गुलाटी, रतनलाल नगर

पार्षद और मेयर को विकास करना चाहिए

बजबजाती नाली और जलभराव से लोग परेशान हैं। पार्षद और मेयर को शहर का विकास कराना चाहिए। कई मूलभूत समस्याएं आज भी शहर में हैं। जब घर से बाहर निकलो तो उससे दो चार होना पड़ता है।- तारादेवी, वार्ड 14, गौशाला

समस्या सुलझाने वाले को देंगे वोट

ट्रांसपोर्ट नगर में गंदगी, खस्ता हाल सड़क व जाम की मुख्य समस्या है। अबकी वोट उस प्रत्याशी को ही देंगे, जो क्षेत्र की इन तीनों समस्याओं को हल करा सके।- रिचा गुप्ता, ट्रांसपोर्ट नगर

नाली से निकाल सड़क पर डालते कूड़ा

आवारा कुत्तों का आतंक है। काफी दिनों बाद नालियों से गंदगी साफ हुई, लेकिन कूड़ा नाली के पास ही छोड़ दिया गया। क्षेत्र में जो ढ़ग से काम कर सके, उसे ही वोट किया जाएगा।- रेनू रूहिया, केशव नगर

मेट्रो बनने के बाद मिलेगा लाभ

मेट्रो संचालन के लिए निर्माण की वजह से लोगों को दिक्कतें जरूर हो रही है, लेकिन भविष्य में लाभ भी मिलेगा। क्षेत्र में विकास कार्य करने वाले को हो वोट देंगे।- बैजनाथ साहू, गौशाला केशवनगर

जीतने के बाद नजर नहीं आते नेता

क्षेत्र के विकास की किससे उम्मीद करें। जीतने के बाद नेताओं की सूरत तक नजर नहीं आती। समस्या को लेकर जनता चिल्लाती है। समस्याओं का हल कराने को वोट मिलेगा।- गोविंद प्रसाद जायसवाल, के-ब्लाक किदवई नगर

संबंधित समाचार