बरेली: ‘फरीदपुर नगर पालिका के सभी वाहनों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाएं’
बरेली,अमृत विचार। अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह ने रविवार को फरीदपुर की नगर पालिका परिषद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और तहसील में बनाए गए कोविड-19 कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोविड नियंत्रण को किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। जिम्मेदारों को कोविड से बचाव रखने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए …
बरेली,अमृत विचार। अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह ने रविवार को फरीदपुर की नगर पालिका परिषद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और तहसील में बनाए गए कोविड-19 कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोविड नियंत्रण को किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। जिम्मेदारों को कोविड से बचाव रखने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।
एडीएम प्रशासन ने कहा कि नगर पालिका के सभी वाहनों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगवाएं। कन्टेनमेंट जोन में सख्ती और कराएं। इस दौरान संक्रमित के परिजनों की भी कोविड जांच कराने के निर्देश दिए। एडीएम प्रशासन ने नगर पालिका परिषद के निरीक्षण के दौरान मुख्य द्वार पर बनी कोविड हेल्प डेस्क की व्यवस्थाएं परखीं। यहां दो पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी लगे मिले। ईओ को यहां पर दो और सिस्टम लगाने के निर्देश दिए।
इसके बाद एडीएम प्रशासन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां डा. चंदन ने बताया कि नगर के आठ मोहल्लों में 71 सक्रिय पॉजिटिव केस हैं। नगर में अभी तक चार संक्रमितों की मौत हुई है। नगर में सर्वे कराया जा रहा है। जिसमें 15 आशा कार्यकर्ता, चार एएनएम लगी हैं। इस दौरान एडीएम प्रशासन ने प्रत्येक वार्ड की टीम बनाकर सर्वे कराकर शाम को प्रत्येक टीम की समीक्षा करने के निर्देश दिए। यह भी कहा जिस वार्ड में कोरोना संक्रमित ज्यादा हैं, वहां की टीम में एएनएम को शामिल करें।
एडीएम प्रशासन ने कन्टेनमेंट जोन साहूकारा का स्थलीय निरीक्षण किया। एक संक्रमित के पिता से बात की। इसके बाद एडीएम ने अफसरों को संक्रमित के परिजनों का भी कोविड टेस्ट कराने के निर्देश दिए। एडीएम प्रशासन ने तहसील के कोविड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। एडीएम ने कंट्रोल रूम से तसलीम नाम के मरीज से भी बात की। मरीज को होम आईसोलेशन के नियमों का पूरा पालन करने के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी ने एडीएम को बताया कि पालिका सभासदों को थर्मल स्कैनर, प्लस ऑक्सीमीटर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
