UP Nikay Chunav: पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव ने सपा छोड़ BJP का थामा दामन, जिले में आने पर हुआ जोरदार स्वागत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में लौटने पर पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव का हुआ जोरदार स्वागत।

सपा को छोड़कर भाजपा में पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव शामिल हो गए। मंगलवार को जिले में आने पर उनका जगह-जगह जोरदार स्वागत हुआ।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। छह बार विधायक रहे पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव भाजपा में शामिल होकर पुत्र और पुत्री के साथ मंगलवार को लखनऊ से जिले में आए। जिला की सीमा से उनका स्वागत होने लगा। कमालगंज से लेकर शहर और मोहम्मदाबाद अपने गांव पहुंचने तक कई जगह उनके समर्थकों और भाजपा नेताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। पूर्व मंत्री ने कहा कि बाहरी नेताओ ने दखल देकर जिले की राजनीति खराब कर दी है। सपा में उपहास झेलना पड़ रहा था। भाजपा की नीति और विचार धारा से वह संतुष्ट हैं। 

मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव भूड़नगरिया राजेंद्र नगर निवासी पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव सपा से छह बार विधायक रह चुके हैं। जबसे अखिलेश ने सपा की कमान पूरी तरह संभाली, तब से पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव से सपा बेरूखी अपनाने लगी। सपा की बेरूखी देखकर पूर्व मंत्री ने भाजपा से नजदीकी बढ़ानी शुरू कर दी थी।

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पुत्री मोनिका यादव को भाजपा का समर्थित प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा और जीत हासिल की थी। विधानसभा क्षेत्र चुनाव में अमृतपुर विधानसभा से सपा प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे थे। चुनाव में हार जरूर मिली, लेकिन सपा प्रत्याशी की भी जीत नहीं होने दी थी। भाजपा से नजदीकिया अच्छी होने पर पूर्व मंत्री ने पुत्र सचिन यादव, पुत्री जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव के साथ सोमवार को लखनऊ में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय में भाजपा की सदस्यता ली थी।

मंगलवार को वह पुत्र और पुत्री के साथ जिले में लौट कर आए।  खुदागंज काली नदी पुल पर समर्थकों व भाजपा नेताओं ने फूलमालाओं से स्वागत किया। वहां से पूर्व मंत्री का काफिला कमालगंज में पहुंचने पर भाजपा नेता तरुण महेश्वरी के कार्यालय के पास भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, तरुण महेश्वर ने समर्थकों के साथ पूर्व मंत्री का स्वागत किया। विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि 40 साल का अनुभव आज भाजपा में शामिल हुआ है। जिससे जिले में भाजपा को बहुत बड़ी मजबूती मिलेगी। आगामी चुनाव में जिले की अलग पहचान बनेगी।

इसके बाद फतेहगढ़ में स्वागत होने के बाद आवास विकास में स्थित भाजपा कार्यालय पूर्व मंत्री पहुंचे। वहां सांसद मुकेश राजपूत, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता समेत अन्य भाजपा नेताओं ने पूर्व मंत्री, उनके पुत्र और पुत्री जिला पंचायत अध्यक्ष का फूल मालाओं से स्वागत किया। पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि उनको समाजवादी पार्टी से उपहास झेलना पड़ रहा था।

बाहरी नेताओं ने जिले में दखल देकर स्वच्छ राजनीति को गंदा कर दिया है। इस कारण उन्होंने सपा से त्यागपत्र देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। भाजपा की नीतियां और विचारधारा से वह संतुष्ट है। जिले में भाजपा को और मजबूत करने का काम करेंगे। इस दौरान कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार