बरेली: 25 अगस्त को जारी होंगे मुख्य परीक्षा के प्रवेश पत्र
बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षा के प्रवेश पत्र दोबारा जारी करने का फैसला किया है। मंगलवार यानी 25 अगस्त से बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी और एमकॉम अंतिम वर्ष के प्रवेश पत्र जारी होंगे। जिन परीक्षार्थियों के पुराने प्रवेश पत्र खो गए हैं, वे दोबारा निकाल सकते हैं। 18 …
बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षा के प्रवेश पत्र दोबारा जारी करने का फैसला किया है। मंगलवार यानी 25 अगस्त से बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी और एमकॉम अंतिम वर्ष के प्रवेश पत्र जारी होंगे। जिन परीक्षार्थियों के पुराने प्रवेश पत्र खो गए हैं, वे दोबारा निकाल सकते हैं।
18 मार्च से मुख्य परीक्षाएं स्थगित हो गई थीं, जो अब एक सितंबर से प्रारंभ हो रही हैं। करीब छह महीने के अंतराल में हजारों छात्रों के प्रवेश पत्र इधर-उधर होने की आशंका हुई, इसलिए क्योंकि अंतिम वर्ष की परीक्षा में करीब 1.50 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। छात्रों की सहूलियत को देखते हुए दोबारा प्रवेश पत्र जारी होंगे। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार से प्रवेश पत्र जारी करने की तैयारी है।
सैनेटाइजर धनराशि का दावा करेंगे केंद्र
बरेली-मुरादाबाद मंडल के 325 केंद्रों पर मुख्य परीक्षा होगी। सुबह, दोपहर और शाम-तीनों पालियों में केंद्रों को सैनेटाइज किया जाएगा। सैनेटाइजर का खर्च विवि प्रशासन देगा। हालांकि इसके लिए केंद्रों को सैनेटाइजर की धनराशि का दावा करना होगा। अन्य संसाधन जैसे थर्मल स्क्रीनिंग मशीन, स्टॉफ के लिए मास्क की व्यवस्था केंद्र करेंगे।
केंद्रों को नहीं भेजी गाइडलाइन
कोरोना संक्रमण के कारण परीक्षा की समयसीमा तीन घंटे से घटाकर दो घंटे कर दी गई है। इसके लिए प्रश्नपत्रों से कम प्रश्न हल करने की गाइडलाइन बनाई गई है, जो अभी तक केंद्रों को नहीं भेजी गई। केंद्रों की चुनौती यह है कि गाइडलाइन मिल जाए तो उसका अध्ययन कर शिक्षकों को समझा दिया जाए, ताकि वे कक्षों में छात्रों को बता सकें कि किस भाग से कितने प्रश्न हल करने हैं। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि परीक्षा से तीन दिन पहले गाइडलाइन केंद्रों को भेज दी जाएगी।
