Banda News : युवक ने जान से मारने की नियत से किशोर पर कुल्हाड़ी से किया हमला, आधे घंटे तड़पता रहा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में युवक ने किशोर पर किया हमला।

बांदा के नरैनी कोतवाली क्षेत्र के गंगा पुरवा पर युवक ने जान से मारने की नियत से किशोर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वह अचेत अवस्था में करीब आधा घंटा तक मौके पर ही पड़ा रहा। काफी देर के बाद आसपास के चरवाहे मौके पर पहुंचे।

बांदा, अमृत विचार। खेत में बकरी चरा रहे किशोर पर पड़ोसी युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वह अचेत अवस्था में करीब आधा घंटा तक मौके पर ही पड़ा रहा। काफी देर के बाद आसपास के चरवाहे मौके पर पहुंचे। देखा तो उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। 

नरैनी कोतवाली क्षेत्र के गुढ़ा गांव के मजरा गंगा पुरवा निवासी आशीष (16) पुत्र श्रीपाल मंगलवार की सुबह खेतों में बकरी चराने गया था। वह एक पेड़ के नीचे बैठा हुआ था। पड़ोसी युवक आया और उसे पेड़ के नीचे से हटने के लिए कहा। किशोर ने हटने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनो के बीच गाली-गलौज हो गई। पड़ोसी युवक ने आशीष पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

इससे कुल्हाड़ी उसके सिर पर लगी, जिससे वह गिरकर लहूलुहान हो गया। कुछ देर के बाद मौके पर पहुंचे चरवाहों ने देखा तो घरवालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश की जा रही है। एक अन्य घटना में पैलानी थाना क्षेत्र के सिंधनकलां गांव निवासी सुरेश कुमार मिश्रा पुत्र महावीर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका भाई उमेश मिश्र गांव से बाजार करके घर वापस लौट रहा था।

तभी गांव का ही पिंटू सिंह पुत्र रणधीर सिंह ने उमेश को गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उमेश को मारपीट कर जख्मी कर दिया। उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज कराया गया।

थानाध्यक्ष पैलानी ने बताया कि सुरेश की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं देहात कोतवाली क्षेत्र के छेहरांव गांव निवासी महेंद्र सिंह पुत्र कल्लू सिंह ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसका रिश्तेदार भोलू सिंह पुत्र मुन्ना सिंह उसकी बाइक लेकर चला गया था। वह अपनी बाइक मांगने उसके घर गया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। भोलू सिंह ने उस पर डंडे से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

 

संबंधित समाचार