प्रयागराज: मुस्लिम अधिवक्ताओं ने कचहरी चौराहे पर किया प्रदर्शन, सपा को वोट न देने की हुई अपील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए गुरुवार 4 मई को मतदान होने जा रहा है। मतदान से पहले संगम नगरी  में मुस्लिम अधिवक्ताओं ने प्रदेश के मुसलमानों से समाजवादी पार्टी को वोट न देने की अपील की है। प्रयागराज में कचहरी के नजदीक जगराम चौराहे पर मुस्लिम अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया है। 

समाजवादी पार्टी के विरोध में आये मुस्लिम अधिवक्ताओं ने बुधवार को कचहरी स्थित जगराम चौराहे पर हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने मुस्लिम समाज से समाजवादी पार्टी को वोट न देने की अपील की। पोस्टर पर लिखा था कौम के वास्ते खोल दो सपा के हार के रास्ते। 

प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने कहा है कि प्रदेश के अल्पसंख्यकों ने तीन दशक तक समाजवादी पार्टी का साथ दिया, लेकिन उसके बावजूद समाजवादी पार्टी आज असल समस्याओं की लड़ाई नहीं लड़ रही है। प्रदेश की तानाशाही सरकार में समाजवादी पार्टी के भी अल्पसंख्यक समाज के नेताओं पर जुल्म हो रहा है। लेकिन समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव उनके लिए भी आवाज नहीं उठा रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे मुस्लिम अधिवक्ताओं ने कहा है कि मुसलमानों पर हो रहे जुल्म और ज्यादती के लिए भाजपा के साथ ही साथ अखिलेश यादव भी बराबर की दोषी हैं। मुस्लिम अधिवक्ताओं ने कहा है कि प्रदेश के मुसलमानों से अपील करते हैं कि निकाय चुनाव में एक भी वोट समाजवादी पार्टी को न दें। इसके साथ ही विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी वे समाजवादी पार्टी को वोट न देने की मुसलमानों से अपील करेंगे। 

प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने कहा है कि मुसलमानों ने ही समाजवादी पार्टी को फर्श से अर्श तक पहुंचाया है। लेकिन जिस तरह से सपा में उनकी उपेक्षा हो रही है अब मुसलमान ही समाजवादी पार्टी को वोट ना देकर उसे अर्श से फर्श पर लाने का काम करेंगे।

ये भी पढ़ें -  प्रयागराज: कार ड्राइवर ने ऑटो में मारी टक्कर, महिला चालक को बीच सड़क पर जमकर कहे अपशब्द 

संबंधित समाचार