Pilibhit: एकाधिकार से टिकट का आवंटन, खुल गए विनाश के द्वार...भाजपा प्रत्याशी पर पूर्व मंत्री ने साधा निशाना 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन की घोषणा, रिक्शे पर घूमकर किया प्रचार 

फोटो- पूर्व चेयरमैन के लिए वोट मांगते पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा।

बीसलपुर, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव में बीसलपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी शशि जायसवाल पत्नी अमन जायसवाल की चुनावी राह आसान नहीं है। भले एक दिग्गज नेता का साथ हो, लेकिन विरोध भी खुलकर सामने आ गया है। भाजपा के बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा के पिता दिग्गज भाजपा नेता पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा खुलकर मैदान में आ गए हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी का विरोध करते हुए न सिर्फ निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व चेयरमैन छेदालाल जायसवाल की पुत्रवधू मीतू जायसवाल को अपना समर्थन दिया। बल्कि रिक्शे पर पूर्व चेयरमैन के साथ बैठकर घूमे और निर्दलीय प्रत्याशी को जिताने की अपील मतदाताओं से की।  

भाजपा से नगर पालिका अध्यक्ष पद पर अमन जायसवाल उर्फ निक्की की पत्नी शशि जायसवाल को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से ही पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा खफा हैं। मगर, अब चुनाव नजदीक आते ही वह खुलकर विरोध में उतर चुके हैं। बुधवार को अपने आवास पर उन्होंने मीडिया से बात की और टिकट आवंटन को लेकर पार्टी हाईकमान पर सवाल खड़े किए। निर्दलीय प्रत्याशी मीतू जायसवाल का समर्थन करने की घोषणा कर दी।

कहा कि वह पार्टी व राजनीति को छोड़ चुके हैं। अध्यात्म के क्षेत्र में उन्होंने प्रवेश कर लिया है। सिर्फ कपड़े बदलना व घर छोड़ना शेष रह गया है। बोले- बेटे भाजपा विधायक विवेक वर्मा पार्टी के शीर्ष नेताओं की नहीं बल्कि उन्हें जनता की भावनाओं की चिंता है। कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की भावनाओं को अनदेखा कर एकाधिकार के भाव से बीसलपुर सीट का टिकट आवंटित कर दिया। जिससे विनाश के द्वार खुल गए हैं।

जनता की भावनाओं के खिलाफ रावण, कंस व अंग्रेजों का भी विनाश हुआ था इसलिए जीत जनता की भावनाओं की होगी। वह जनता के लिए बलिदान देने को तैयार हैं। 2024 के होने वाले लोकसभा चुनाव में भी जनता की भावनाओं के विपरीत कोई कार्य नहीं करेंगे।

बोले अपने राजनीतिक सफर में कभी भी अनुशासनहीनता का कोई कार्य नहीं किया है। अनुशासन की परिभाषा व अधिकार मानते हैं। वायरल की गई ऑडियो पर भी स्पष्टीकरण देने से इनकार कर दिया। यह भी कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी छेदालाल जायसवाल की पुत्रवधू मीतू जायसवाल का समर्थन करता हूं और जीत भी उन्हीं की होगी।

यह भी पढ़ें- Pilibhit: पूर्व मंत्री ने छोड़ी साइकिल की सवारी, पकड़ा कमल का साथ...जिलाध्यक्ष बोले- सत्तालोभी हैं हेमराज

संबंधित समाचार