Kanpur Crime : जिंदगी से ऊबकर छह ने मौत को गले लगाया, परिजनों की आंखें रो-रोकर हुई नम, पुलिस ने शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में छह लोगों ने जान देकर दुनिया को कहा अलविदा।

कानपुर के कर्नलगंज, कल्याणपुर, पनकी, नौबस्ता, शिवराजपुर व बिठूर थानाक्षेत्रों में छह लोगों ने जान देकर दुनिया को कहा अलविदा। परिजन घटना का स्पष्ट कारण नहीं बता सके। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच।

कानपुर, अमृत विचार। शहर के अलग-अलग छह थानाक्षेत्रों में किशोरी समेत छह लोगों ने आत्महत्या कर दुनिया को अलविदा कह दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। फांसी लगाने की जानकारी होने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन घटना का स्पष्ट कारण नहीं बता सके। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। 

सेवानिवृत्त सैनिक के होनहार पुत्र ने फांसी लगाकर दी जान 
पहली घटना-1

कर्नलगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत ईदगाह निवासी सेवानिवृत्त सैनिक अली जावेद के 24 वर्षीय होनहार पुत्र अरशद का शव बुधवार सुबह छत पर बने कमरे में फांसी पर लटकता मिला। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बीएससी का छात्र था और पढ़ने में काफी होनहार था। वह माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार हाल में उसे एक परीक्षा देनी थी जिसकी वह तैयारी कर रहा था। देर रात खाना खाकर वह छत पर बने कमरे में पढ़ने गया था। सुबह देर तक नीचे नहीं उतरा तो पिता छत पर गए। जहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने आवाज देकर बुलाया लेकिन कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद अन्य परिजनों के साथ मिलकर धक्का देकर दरवाजा खोल लिया। जहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। बेटे का शव नायलान की रस्सी से लटक रहा था। परिजनों के अनुसार कुछ समय पहले वह नौकरी की तलाश में सऊदी भी गया था। लेकिन मन की नौकरी न मिलने पर वह कुछ समय पहले ही वापस लौटा था। घटना के बाद मां सीमा और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। कुछ लोगों ने बताया कि वह कई बार प्रतियोगी परीक्षाओं में पास नहीं हो पाया था, जिसके कारण काफी परेशान रहता था। इसी कारण उसने कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

देर रात घर से निकलकर ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या 
दूसरी घटना-2

कल्याणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत सत्यम विहार के रहने वाले 50 वर्षीय अविनाश कटियार काफी समय से किडनी की बीमारी से परेशान चल रहे थे। इलाज के लिए लाखों रुपये खर्च हो रहा था। जिसके कारण वह काफी डिप्रेशन में चले गए। कल्याणपुर में रहने वाले उनके भांजे लकी ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब तीन बजे वह घर से निकले और थाने के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दौरान रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा देख दूसरे ट्रेन के ड्राइवर ने इस घटना की सूचना गेटमैन को दी। जिसके बाद सूचना जीआपी अनवरगंज को दी गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने जांच कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिससे कोहराम मच गया। घटना के बाद पत्नी सीमा कटियार, कोचिंग पढ़ाने वाले बड़े बेटे विशाल और छोटे बेटे हनी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना था कि इलाज के लिए डॉक्टर ने 18 लाख रुपये का खर्च बताया था। जिसकी व्यवस्था करने के लिए वह आए दिन परेशान रहते थे। 

मानसिक रूप से अस्वस्थ्य वृद्ध ने दी जान  
तीसरी घटना-3

पनकी थानाक्षेत्र अंतर्गत जी ब्लॉक गंगागंज निवासी 66 वर्षीय रमेश मिश्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव घर की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में पंखे से लटकता मिला। पत्नी पुष्पा मिश्रा ने बताया वह लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ्य थे। मंगलवार रात वह खाना खाकर छत पर टहलने की बात कहकर ऊपर चले गए। काफी देर तक नीचे नहीं उतरे तो वह ऊपर गईं तो उनका शव फंदे से लटक रहा था। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। 

भेलपूरी का ठेला लगाने वाले किशोर ने की आत्महत्या  
चौथी घटना-4

नौबस्ता थानाक्षेत्र अंतर्गत राजीव नगर यशोदा नगर निवासी अशोक कुमार के 17 वर्षीय पुत्र अभिषेक उर्फ सोनू ने मंगलवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता ने बताया वह श्याम नगर में भेलपूरी का ठेला लगाता था। बुधवार सुबह उसका शव कमरे में पंखे से लटकता मिला। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण बुलाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। परिजनों ने लटकते शव को देखा तो उनके रोंगटे खड़े हो गए।परिजन आत्महत्या की वजह नहीं बता सके। वह तीन बेटियों और दो बेटों में सबसे छोटा था। घटना के बाद मां गीता का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों की डांट से क्षुब्ध युवती ने दी जान 
पांचवी घटना-5

बिठूर थानाक्षेत्र अंतर्गत सिंहपुर कछार निवासी रामनरेश की 18 वर्षीय बेटी प्रीती ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक युवती के भाई शोभित ने बताया तीन दिन पहले किसी बात पर मां ने उसे डांट दिया था। जिससे नाराज होकर वह अपने कमरे में चली गई थी। कुछ देर बाद मां पहुंची तो उसे फंदा से लटका देखकर चीख पड़ीं। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर कल्याणपुर स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। जहां तीन दिन इलाज के बाद हैलट रेफर कर दिया गया। यहां इमरजेंसी में मंगलवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों से पूछने पर कुछ भी बताने से साफ इंकार कर दिया। 

ग्यारह वर्षीय किशोरी ने की आत्महत्या 
छठवीं घटना-6

शिवराजपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत वार्ड 11 की रहने वाले हरिशंकर अवस्थी उर्फ भय्यैन अवस्थी निवासी बिल्हन की 11 वर्षीय पुत्री गुड़िया ने आत्महत्या कर ली। परिजन घटना का कारण स्पष्ट नहीं कर सके। स्थानीय लोगों शव लटके जाने की सूचना पुलिस को दी। इस दौरान घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों की मदद से दरवाजा तोड़ा और शव को धीरे से नीचे उतारा। इसके बाद घटना के बारे में जांच पड़ताल की। किशोरी की मौत के बाद गांव के लोगों के आंखों में भी आंसू आ गए।

संबंधित समाचार