रायबरेली: मतदान के दौरान गड़बड़ी करने वाले भुगतेंगे गंभीर परिणाम, अधिकारियों ने दिखाए तेवर
डलमऊ (रायबरेली )अमृत विचार। गुरुवार को हो रहे स्थानीय निकाय चुनाव में प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। तहसीलदार उमेश कुमार और कोतवाल पंकज त्रिपाठी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण करके कहा है कि मतदान के दौरान गड़बड़ी करने वाले गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। उन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण मतदान के लिए हर मतदान केंद्र की व्यवस्था का जायजा लिया है।
गुरुवार को स्थानीय निकाय में अध्यक्ष और सभासदों का चुनाव हो रहा है ।सुबह 7 बजे शुरू हुए मतदान में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं ।तहसीलदार और कोतवाल में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर भीड़ को कतार बद्ध करते हुए आसपास खड़े अनावश्यक समर्थकों को मतदान केंद्र से दूर हटाया है। इस दौरान कोतवाल पंकज त्रिपाठी ने कहा है कि कहीं भी यदि किसी ने कोई गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उसके विरुद्ध ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी वह कल्पना नहीं कर सकता। इसलिए प्रशासन की व्यवस्था में सहयोग बनाए रखें और गड़बड़ी करने का दुस्साहस न करें।

चौकी इंचार्ज ने दिव्यांग मतदाता को पहुंचाया केंद्र
शहर के मतदान केंद्र में मतदान करने पहुंचे एक दिव्यांग मतदाता को सहारे की जरूरत थी। इस दौरान पारदर्शी मतदान के लिए उसे किसी अन्य की सहायता लेने के स्थान पर चौकी इंचार्ज मानसिंह ने उसकी सहायता की और उसे सहारा देकर मतदान केंद्र तक पहुंचाया ।मतदान करने के बाद पुनः चौकी इंचार्ज ने इस दिव्यांग मतदाता को सहारा देकर मतदान स्थल से बाहर पहुंचने में मदद की।
