अयोध्या: तीन हजार लोगों ने दिया भगवान को आहारदान 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। रायगंज स्थित दिगंबर जैन मंदिर के प्रांगण में चल रहे तीस चौबीसी तीर्थंकर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की धूम है। पांचवें दिन केवलज्ञान कल्याणक के अंतर्गत महामुनि भगवान ऋषभदेव की आहारचर्या संपन्न हुई, जिसमें महामुनि एक वर्ष 39 दिन तक भ्रमण करते रहे। लगभग तीन हजार लोगों ने भगवान को क्रम से आहारदान दिया। इस अवसर पर पंचाश्चर्य की वृष्टि देवों के द्वारा अयोध्या नगरी में की गई। 
      
संहितासूरि प्रतिष्ठाचार्य विजय कुमार ने बताया कि मध्याह्न में भगवान ऋषभदेव को केवलज्ञान प्रगट हो गया, जिसके अंतर्गत तीनों लोकों की समस्त वस्तुएं भगवान के ज्ञान में एक साथ झलकती हैं। भूत, भविष्य और वर्तमान दर्पण के समान दिखाई देता है। भगवान को केवलज्ञान होते ही सभी ऋतुओं के फल-फूल एक साथ वृक्षों पर आ जाते हैं। आचार्य विशदसागर महाराज ने दिव्यध्वनि स्वरूप तत्वों का विवेचन किया। इसी क्रम में प्रज्ञाश्रमणी आर्यिका चंदनामती माता ने आये हुए भक्तों को संबोधन दिया। भगवान के मुख्य श्रोता बनने का सौभाग्य जितेन्द्र सपना लुहाड़िया-खंडवा को प्राप्त हुआ। अंत में 1008 दीपकों से भगवान के समवसरण की आरती सम्पन्न की गई। कार्यक्रम में महामंत्री अमरचंद जैन, कोषाध्यक्ष ऋषभ जैन, मीडिया प्रभारी पंकज जैन आदि सहित हजारों श्रद्धालु सम्मिलित हुए।

ये भी पढ़ें -सूर्यवंश की नगरी अयोध्या बनेगी देश की पहली सोलर सिटी : CM योगी   

संबंधित समाचार