बच्चों में मोबाइल की लत मानसिक विकास को करती है प्रभावित : प्रो.एल.के.भारती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के डायटेटिक्स विभाग की ओर से 3 मई को जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पीडियाट्रिक गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के प्रो.एल.के.भारती ने स्क्रीन टाइम के नुकसान व बचाव पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि 2 साल से कम उम्र के बच्चों को मोबाइल बिल्कुल नहीं इस्तेमाल करने देना चाहिए, इससे उनके मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने बताया कि इंडियन अकैडमी ऑफ पीडिआट्रिक्स के अनुसार 2 साल के उम्र के ऊपर अधिकतम 2 घंटे से ज्यादा स्क्रीन-टाइम नहीं होना चाहिए, जिसमें मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर गेम्स खेलना सभी सम्मिलित है। स्क्रीन टाइम को कम करने के लिए घर के बड़े सदस्यों को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करना होगा। 
 
दरअसल, ओपीडी रोगी प्रतीक्षालय मे "जीवन शैली से सम्बन्धित बीमारियों के बचाव व उपचार" विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें  स्क्रीन-टाइम के नुकसान तथा स्क्रीन-टाइम को कम कैसे करें, डायबटीज, मेटाबॉलिक सिंड्रोम, फैटी लीवर, हाई कोलेस्ट्राल, डिसलिपिडिमिया, मोटापा इत्यादि  बीमारियों के बचाव के लिए सही आहार, व्यायाम व जीवन शैली में बदलाव के बारे में बताया गया।

कार्यशाला में संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. संजय धिराज, और सीनियर फिजीशियन डॉ. प्रेरणा कपूर भी उपस्थित थे। इस अवसर पर बोलते हुए प्रोफेसर धीराज ने कहा कि हमें स्वस्थ और सक्रिय जीवन शैली को अपनाना चाहिए। उन्होंने जनसामान्य के लिए जीवन शैली व संतुलित आहार पर इस तरह की कार्यशाला व सेमिनारको समय-समय पर आयोजित किये जाने की आवश्यकता पर बल दिया। डा. प्रेरणा कपूर  ने जीवनशैली में बदलाव करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिये जनसामान्य को जागरूक किया।

संदीप श्रीवास्तव द्वारा जीवनशैली व सेडेन्टी कार्यशैली से होने वाली बीमारियों के परिप्रेक्ष्य में व्यायाम और योग के महत्व को बताया गया। कार्यशाला में संतुलित आहार पर सुरभि चन्द्रा, महिलाओं मे खून की कमी पर अर्चना द्विवेदी, मेटाबोलिक सेन्ड्रोम पर ममता शर्मा, आहार में फाइबर व पानी के महत्व पर प्रीती यादव  व आमशा खातून व दीपा मिश्रा ने मिलेट मिशन के विषय में बताया है। जिसमें मोटे अनाज को अपने आहार में शामिल करने के महत्व के बारे मे बताया गया। सर्वविदित है कि प्रधानमंत्री जी ने इस वर्ष को ईयर ऑफ Millett घोषित किया है। इस अवसर पर सीनियर डायटीशिन अर्चना सिन्हा, मोनिका, डॉ. शिल्पी पाण्डेय, डॉ. निरुपमा  सिंह व रीता आनंद भी उपस्थित थे।  

इस अवसर पर बीमारियों  से बचने  के लिए जीवन शैली में आवश्यक बदलाव और संतुलित आहार के विषय पर डायटेटिक्स इन्टेंन द्वारा बनाये गये पोस्टर भी प्रदर्शित किये गये। कार्यशाला में 200 से ज्यादा लोगों ने भाग लिया। कार्यशाला में विशेषज्ञ  के तौर पर प्रो. सुशील गुप्ता (इण्डोक्राइनोलॉजी) व प्रो. प्रीति दबड़गाव (इण्ड्रोकीनोलोजी) भी उपस्थित रहे, जिन्होने डायबिटीज एवं उससे होने वाली बीमारियों व बचाव के बारे में व्याख्यान दिया।

यह भी पढ़ें : UP Nikay Chunav: सपा ने निर्वाचन आयुक्त से की धांधली की शिकायत, सौंपा ज्ञापन

संबंधित समाचार