UP Nikay Chunav 2023: Kannauj में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव बोले- लोकतंत्र को व्हीलचेयर पर ला रही भाजपा
UP Nikay Chunav 2023 कन्नौज में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने निकाय चुनावों में लगाया धांधली का आरोप।
UP Nikay Chunav 2023 कन्नौज में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने निकाय चुनावों में लगाया धांधली का आरोप। इस दौरान उन्होंने हिंदूवादी संगठनों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। इसके साथ ही कहा कि लोकतंत्र को व्हीलचेयर पर भाजपा ला रही।
कन्नौज, अमृत विचार। UP Nikay Chunav 2023 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निकाय चुनावों में धांधली का आरोप लगाया है। कहा कि भाजपा लोकतंत्र को व्हीलचेयर पर ला रही है, जिसका जनता करारा जवाब लोकसभा चुनाव में देगी। गुरुवार को सपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने भाजपा और प्रदेश सरकार पर तीखे प्रहार किए।
सपा प्रमुख ने पत्रकारों के सवालों पर गंभीरता भी दिखाई तो कई जगह चुटकियां भी लीं। ईडी छापों पर बोले कि यह जांच एजेंसियां सरकारी थानों की तरह हैं जो सरकार के इशारे पर चलतीं हैं। यह पद्धति कांग्रेस ने शुरू की थी। उन्होंने एक सवाल पर कहा कि भाजपा की नीतियों के खिलाफ विकल्प के रूप में गठबंधन ही एकमात्र रास्ता है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह पहले अपनी कुंडली दिखा लेते कि वह विधानसभा चुनाव कैसे हार गए! उनको कुंडली वाला बदल देना चाहिए। डिप्टी सीएम मुख्यमंत्री की भी कुंडली दिखवा लें, नहीं तो वह उन्हें भी व्हीलचेयर पर बिठा देंगे। भाजपा मुफ्त का राशन वितरण कर गरीबी को अपनी उपलब्धि बता रही है, जबकि गरीबी, भुखमरी, महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर है।
मुख्यमंत्री दावा कर रहे हैं कि सौ में चार लोग बेरोजगार हैं, जबकि सच्चाई यह है कि सौ में चार लोगों को भी रोजगार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में फीरोजाबाद में धांधली के वीडियो सामने आए हैं, अभी प्रदेश के कई निकायों से आएंगे।
आरएसएस पर लगना चाहिए प्रतिबंध
कर्नाटक में कांग्रेस के घोषणापत्र में बजरंगदल पर प्रतिबंध को लेकर सपा प्रमुख ने कहा कि सरदार पटेल ने भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाया था। ऐसे संगठनों पर प्रतिबंध लगना चाहिए। भाजपा नफरत की राजनीति करती है, जबकि समाजवादी लोग केवल विकास की बात करते हैं। भाजपा सरकार को कन्नौज का विकास रास नहीं आया, शायद इसीलिए सभी काम रोक दिए।
…तो 55 मिनट में आऊंगा कन्नौज
अखिलेश ने कहा कि यदि निकाय चुनाव में कन्नौज में धांधली हुई तो वह लखनऊ से 55 मिनट में कन्नौज आएंगे। अभी वह एक घंटा दस मिनट में आ रहे हैं। उन्हें प्रशासन पर पूरा भरोसा है कि वह निष्पक्ष चुनाव कराएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सबसे अधिक फर्जी एनकाउंटर हुए हैं, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने भी तल्ख टिप्पणी की है।
